संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। पिल्लूखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव भिड़ताना में सोमवार रात को की गई वृद्ध की हत्या के मामले में सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापा डाल कर रही है।
एसपी ने आरोपियों को काबू करने के लिए सीआईए सफीदों, सीआईए सदर और डिटेक्टिव स्टाफ की तीन टीमों का गठन किया था।
सोमवार देर रात 62 वर्षीय रणधीर, उसके भाई सूबेदार रणबीर और उसका बेटा शिवकुमार समेत अन्य परिवार के लोग अपने घर पर सो रहे थे। तभी पड़ोस के ही नरेश उर्फ नेशा और राजेश उर्फ भालू ने बाहर से करीब दर्जन भर बदमाशों को बुलाकर रणधीर पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया था।
इससे रणधीर की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि सूबेदार रणबीर और उसका बेटा शिवकुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
परिजनों ने उसे तुरंत नागरिक अस्पताल जींद पहुंचाया था। इसके बाद पुलिस ने मंगलवार को रणधीर के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में नरेश उर्फ नेशा और राजेश उर्फ भालू को नामजद कर 10-12 अन्य के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं क तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।