14 जुलाना 01: बाजार में चेकिंग अभियान चलाते पुलिस व बिजली निगम के कर्मचारी। स्रोत: पुलिस प्रशास
जुलाना। कस्बे में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और बिजली निगम की टीमों ने संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जसवीर उर्फ बैंड और रोहित को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान 12 बोतल अवैध शराब, 50 जिंदा कारतूस और 24,450 रुपये की नकदी बरामद की गई। इसके अलावा आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर दो मोटरसाइकिलों को भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कब्जे में लिया गया।
सुबह के समय शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों की जांच की और अवैध गतिविधियों पर नजर रखी। अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती और वाहनों की जांच देखकर बाजार में लोगों के बीच हलचल मच गई। कई लोग दूसरे रास्तों से जाते दिखाई दिए।
संयुक्त अभियान के दौरान बिजली निगम की टीम ने भी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली कनेक्शनों की जांच की। इस दौरान दो स्थानों पर अवैध कुंडी कनेक्शन पाए गए। विभाग की ओर से संबंधित मामलों में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की गई।
अभियान में थाना प्रभारी कमल सिंह, गतौली पुलिस चौकी प्रभारी विनोद कुमार, मंडी जुलाना चौकी प्रभारी अजय कुमार और उनकी टीमें शामिल रहीं। इसके अलावा एवीटी स्टाफ प्रभारी यशवीर सिंह अपनी टीम, स्वैट कमांडो, डॉग स्क्वायड, ईआरवी व बिजली निगम उपमंडल जुलाना के कर्मचारियों भी शामिल थे। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम करना रहा।