जींद-रोहतक मार्ग पर पौली गांव के पास पुलिस ने सूचना के आधार पर एक कंटेनर को रुकवाया तो उसमें एक व्यक्ति को जमाती होने के संदेह में रोककर स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया। बाद में पता चला कि यह व्यक्ति कंटेनर लेकर तेलंगाना गया था, जो अब लौटा है।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि कंटेनर में एक व्यक्ति तब्लीगी जमात से लौट रहा है। पौली गांव के पास नाके पर कंटेनर को रुकवाया तो उसमें चालक सहित दो लोग मिले। चालक कालवा गांव का विक्रम था और बीबीपुर निवासी बक्शी उसमें बैठा था। पुलिस ने दोनों को चेकअप के लिए जींद के नागरिक अस्पताल भिजवाया। ग्रामीणों द्वारा रात को ही कंटेनर को सैनिटाइज किया गया। वहीं दूसरा मामला गांव मेहरड़ा का है जहां पर ग्रामीणों ने रोहतक के लाढोत निवासी सुखबीर (45) को स्कूल में रोक रखा था। इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग को दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेहरड़ा गांव में जाकर उसे जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां से उसकी हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई भेजा गया। सुखबीर पैदल ही किसी दूसरे राज्य से आया था और उसे बुखार और खांसी के लक्षण के कारण ग्रामीणों ने स्कूल में बंधक बना लिया और इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग की टीम को दी गई। टीम ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। एसएमओ डॉ. नरेश वर्मा के अनुसार बीबीपुर गांव निवासी व्यक्ति को घर पर ही क्वारंटीन किया गया है।