बस स्टैंड के बाहर हवा के साथ उड़कर सड़क पर बिखरा कचरा।
- फोटो : Jind
स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए सिटीजन फीडबैक देने में जींद के लोग काफी फिसड्डी हैं। प्रदेशभर में सबसे पहले स्थान पर हिसार, दूसरे स्थान पर पंचकूला, तीसरे स्थान पर गुरुग्राम तथा चौथे स्थान पर अंबाला है। जींद का इस मामले में फिलहाल कोई नंबर ही नहीं है। यदि जींद के लोगों को अपने शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण में आगे लेकर जाना है तो उन्हें फीडबैक देना होगा। यह फीडबैक 28 मार्च तक दिया जा सकता है। स्वच्छ सर्वेक्षण में कुल छह हजार अंक हैं। इनमें से 1800 अंक सिटीजन फीडबैक के हैं।
शहर के लोग अधिक से अधिक फीडबैक दें, इसके लिए नगर परिषद अधिकारियों ने बाकायदा लोगों के मोबाइल में स्वच्छ सर्वेक्षण ऐप डाउनलोड करवाकर उन्हें जागरूक किया है। 2021 के स्वच्छ सर्वेक्षण में जनता की भागदारी बढ़ा दी गई है। पहले सिटीजन फीडबैक के 1500 अंक मिलते थे, जो अब 1800 कर दिए गए हैं। इसके अलावा 2400 अंक प्रोसेसिंग तथा 1800 अंक स्टार रेटिंग के मिलेंगे। फीडबैक देने के लिए नागरिकों को स्वच्छ सर्वेक्षण ऐप पर आठ सवालों के जवाब देने होंगे। इसमें क्या आप जानते हैं कि आपका शहर स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में भाग ले रहा है। क्या आप स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 में अपने शहर की रैंकिंग को जानते हैं। आप अपने पड़ोस के स्वच्छ स्तर पर 0-10 के पैमाने पर अपने शहर को कितने अंक देना चाहेंगे। 0-10 के पैमाने पर आप अपने शहर को अपने व्यावसायिक, सार्वजनिक क्षेत्रों के स्वच्छ स्तर पर कितने अंक देना चाहेंगे। क्या आपसे आपका कचरा संग्राहक सूखा और गीला कचरा अलग-अलग देने के लिए कहता है। आप अपने शहर के सार्वजनिक या सामुदायिक शौचालय के स्वच्छ स्तर पर 0-10 के पैमाने पर अपने शहर को कितने अंक देना चाहेंगें। क्या आप जानते हैं कि आप गूगल पर निकटतम सार्वजनिक शौचालय खोज सकते हैं। क्या आप जानते हैं कि स्वच्छ के बारे में अपनी शिकायतों को आगे बढ़ाने के लिए स्वच्छ एप एवं स्थानीय ऐप का उपयोग कर सकते हैं। इन सभी सवालों के जवाब ऐप के माध्यम से देने होंगे। इनमें से जुलाना के 304, सफीदों से 42 लोगों ने ही फीडबैक दिया है।
लोगों के मोबाइल में स्वच्छ सर्वेक्षण ऐप को डाउनलोड करवाकर उन्हें सिटीजन फीडबैक देने के लिए जागरूक किया जा रहा है। शहर में अलग-अलग कॉलोनियों तथा सार्वजनिक स्थानों पर अभियान चला जा चुके हैं। 28 मार्च तक सिटीजन फीडबैक देना है।
डॉ. एसके चौहान, ईओ, नगर परिषद जींद।