जींद। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कांफेड के पूर्व चेयरमैन बजरंग दास गर्ग ने प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों को लेकर प्रदेश सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि हरियाणा में लगातार अपराधियों ने लूटपाट, फिरौती, फायरिंग व हत्याओं की वारदात की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिले में सिर्फ एक महीने में लगभग 17 से ज्यादा हत्या होना चिंता का विषय है। अब जींद में एडवोकेट विनोद बंसल को फोन पर जान से मारने की धमकी मिल रही है कुछ समय पहले अपराधियों ने विनोद बंसल के भाई की दिन-दिहाड़े हत्या कर दी गई थी। हरियाणा में हर रोज लगभग तीन से ज्यादा हत्या हो रही है।
यहां तक कि रोहतक में एक महिला की हत्या करके शव के टुकड़े कर दिए। यह चिंता का विषय है। अपराधी जेल व विदेशों में बैठकर अपना गैंग चला कर फिरौती व मंथली मांग रहे हैं। इन पर भी सरकार का नियंत्रण नहीं है। बजरंग गर्ग ने कहा कि अपराधियों पर किसी प्रकार का सरकार का खौफ नहीं है, जबकि अपराधियों द्वारा पिछले दिनों जींद, कुरुक्षेत्र, पानीपत में शराब कारोबारी की दिन-दिहाड़े हत्या कर दी गई थी।
अपराधियों के डर के कारण हरियाणा में लगभग 328 शराब के ठेकों की बोली तक नहीं हुई है क्योंकि अपराधी शराब के ठेकेदारों से ठेके में अपना हिस्सा मांग रहे थे। इसके कारण शराब के ठेके ही नहीं लिए गए। सरकार व्यापारी व आम जनता की जान माल की सुरक्षा करने में विफल सिद्ध हुई है।
इस अवसर पर जिला प्रधान महावीर कंप्यूटर, प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार गोयल, वैश्य समाज प्रधान ईश्वर गोयल, नगर कार्यकारी प्रधान रामविलास मित्तल, शहरी सचिव सुरेश गर्ग, सुरेश जिंदल, रामफल फौजी, संजय मित्तल, जयकुमार गोयल, बिट्टू जैन, राकेश गोयल, मनीष गर्ग, सुशील गोयल, राजेश काजी मौजूद रहे।