अलेवा। संडील गांव के किसानों द्वारा कर्मचारियों व अधिकारियों पर नकदी और खाद के मामले में लगाए घोटाले के आरोपों की जांच एसआईटी ने तेज कर दी है। जांच एजेंसी ने पेगां ब्रांच मैनेजर से 79 संदिग्ध खातों की जानकारी मांगी है। इस प्रक्रिया में लगभग एक सप्ताह का समय लगेगा।
संडील गांव के किसानों ने पिछले वर्ष दिसबंर महीने में पेगां पैक्स और बैंक कर्मचारियों पर खाद-नकद मामले में घोटाले के आरोप लगाते हुए डीसी को शिकायत दी थी। यह मामला जिला परिवेदना समिति की बैठक में भी उठा था। समिति अध्यक्ष मंत्री अनूप धानक ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने पेगां पैक्स के पूर्व प्रबंधक रोशनलाल समेत तीन अन्य कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अब मामले की जांच उचाना डीएसपी जितेंद्र खटकड़ की अगुवाई में चल रही है। एसआईटी ने 22 किसानों के अंगूठे व हस्ताक्षर का एक्सपर्ट के माध्यम से मिलान करवाया था, जिसमें सात किसानों के अंगूठे व हस्ताक्षर नहीं मिले थे। इस रिपोर्ट के आधार पर पूर्व प्रबंधक समेत कुछ अन्य कर्मचारियों को दोषी करार दिया था। अब एसआईटी ने 79 संदिग्ध खातों की डिटेल पेगां पैक्स ब्रांच से मांगी है।
जांच एजेंसी ने जब से ब्रांच शुरू हुई तब से आज तक 79 संदिग्ध खातों की डिटेल मांगी है। विभाग ने इसके लिए अनुमति दे दी है। एक सप्ताह में जांच एजेंसी को किसानों के खातों की डिटेल सौंप दी जाएगी। - प्रवीण कुमार, मैनेजर, पेगां ब्रांच