संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। द रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के आह्वान पर मंगलवार को जिलेभर के राजस्व विभाग के पटवारियों ने अतिरिक्त कार्यभार भड़ने और पे स्केल की मांग को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे। ज्ञापन में कहा कि विभाग में पटवारियों की कमी है और अब उन पर वर्क लोड भी पहले से ज्यादा हो गया है, जिसके चलते वह समय पर काम भी नहीं कर पा रहे हैं। सरकार को चाहिए कि नई भर्ती करके वर्क लोड को कम करे। पे ग्रेड को एक जनवरी 2016 से लागू करे। इसके विपरीत वह अब अतिरिक्त कार्य नहीं करेंगे।
डीसी को ज्ञापन देने पहुंचे यूनियन के जिला प्रधान नरेश ढांडा ने बताया कि प्रदेशभर में 1200 से ज्यादा पटवारियों के पद खाली पड़े हुए हैं। जिले मे 170 पद पटवारियों के हैं। जिसमें से 63 पद खाली हैं। एक पटवारी के पास चार से लेकर छह गांव तक हैं। जिसके चलते वर्क लोड बहुत ज्यादा बढ़ गया है। यही हालात कानूनगो सर्कल के हैं। 18 में से छह सर्कल खाली हैं। सरकार ने पटवारियों को एक जनवरी 2016 से पे ग्रेड देने का आश्वासन दिया था, लेकिन पे-ग्रेड 25 जनवरी 2023 से दिया जा रहा है। जो सरकार की वादा खिलाफी की है। पुराने पटवारियों का कोई लाभ मिलने वाला नहीं है। जिससे पटवारियों तथा कानूनगो में रोष है। सरकार को चाहिए कि वह पटवारी भर्ती करे। पे-ग्रेड एक जनवरी 2016 से लागू करे। पटवारी अब अतिरिक्त कार्य नहीं करेंगे। जिसके बाद उन्होंने मांगों से संबंधित ज्ञापन डीसी को सौंपा। वही नरवाना, उचाना, जुलाना, सफ ीदों, अलेवा के पटवारियों तथा कानूनगो ने संबंधित तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपे।