संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। नरवाना क्षेत्र के गांव दनौदा खुर्द में एक किसान की पककर तैयार खड़ी धान और नरमा की फसल में गांव के ही तीन लोगों ने स्प्रे कर दिया जिससे किसान की फसल नष्ट हो गई। इसके साथ ही आरोपियों ने किसान को भी जान से मारने की धमकी दी। सदर थाना नरवाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दनौदा खुर्द निवासी बलवान ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। उसके करीब 12 कनाल जमीन खेत बिठमड़ा रोड की तरफ है तो वहीं 10 कनाल के करीब जमीन कलौदा रोड की तरफ है। उसने बिठमड़ा रोड की तरफ वाले खेत में नरमा (कपास) की फसल लगाई हुई थी वहीं कलौदा की तरफ वाले खेत में धान फसल लगाई थी। दोनों ही फसलें पक कर तैयार हो चुकी थी। जल्द ही कटाई का काम शुरू होना था। इससे पहले ही गांव के ही कुलदीप, मनजीत और विरेंद्र ने उसकी चार कनाल धान और 12 कनाल कपास की फसल में राउंडअप का स्प्रे कर के फसल को नष्ट कर दिया। जब उसे पता चला कि आरोपियों ने उसकी फसल को नष्ट कर दिया है तो वह खेत में पहुंचा। यहां आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि तेरी फसल को तो बर्बाद कर दिया, अब तुझे भी नहीं छोड़ेंगे। उस समय वह अपनी जान बचाने के लिए वहां से आ गया। उसे अब जान का भी खतरा बना हुआ है। सदर थाना नरवाना पुलिस ने बलवान की शिकायत पर कुलदीप, मनजीत और विरेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।