कस्बा जुलाना के पुराने बस स्टैंड के पास यूको बैंक वाली गली में पिछले तीन दिनों से पानी सप्लाई में मिट्टी और बदबू आ रही है। यह पानी पीने को दूर उपयोग के भी लायक नहीं है। गर्मी में बिना पानी के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। क्षेत्र की तीन गलियों के करीब 30 से अधिक मकानों में दूषित पानी सप्लाई हो रहा है।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि लोगों को मजबूरी में बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है या अन्य स्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा है। कॉलोनी निवासी निशा ने बताया कि समस्या की शिकायत कई बार जनस्वास्थ्य विभाग को दी जा चुकी है लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
उन्होंने विभाग से जल्द स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग की है। लोगों के अनुसार, इस समस्या का मुख्य कारण पेयजल पाइपलाइन में लीकेज है। इससे गंदा पानी सप्लाई में मिल रहा है। बावजूद इसके संबंधित विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। पाइपलाइन की मरम्मत कर साफ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें इस परेशानी से राहत मिल सके।
वर्जन
जहां पर भी पाइप लाइन लीकेज है। वहां संबंधित कर्मचारियों को बोलकर लीकेज पाइप लाइन बंद करवाई जाएगी ताकि कॉलोनीवासियों को बेहतर पेयजल उपलब्ध हो सके।
-रणधीर मताना, जिला सलाहकार जनस्वास्थ्य विभाग