02जेएनडी08-नागरिक अस्पताल में ज्वाइन के लिए पहुंचे चिकित्सक। संवाद
जींद। प्रदेश सरकार ने पिछले दिनों 533 चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया को पूरा किया गया था। इसमें जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल को भी 37 चिकित्सक मिले हैं। हालांकि अभी तक केवल 11 चिकित्सकों ने ही अस्पताल को ज्वाइन कर अपना कार्यभार संभाला है। इन 11 चिकित्सकों में से तीन महिला मेडिकल चिकित्सक (एलएमओ), दो स्पेशलिस्ट (एक मेडिसन, एक सर्जन) शामिल हैं। हालांकि अस्पताल प्रशासन उम्मीद कर रहा था कि फोरेंसिक एक्सपर्ट, रेडियोलॉजिस्ट किसी भी हाल में अस्पताल को मिले, ताकि सालों से धूल फांक रही अल्ट्रासाउंड मशीन को फिर से चलाया जा सके। अब यह आने वाला समय ही बताएगा कि शेष 26 चिकित्सक ज्वाइन करते हैं या नहीं।
नए चिकित्सकों के आने से मरीजों की परेशानी होगी दूर
नागरिक अस्पताल में नए चिकित्सकों के ज्वाइन करने से मरीजों की परेशानी दूर होगी। नियुक्ति के दौरान इन नए चिकित्सकों को तुरंत प्रभाव से ज्वाइनिंग के लिए कहा गया था, जिसमें से बुधवार को केवल 11 चिकित्सकों ने ही ज्वाइन किया। अभी अन्य चिकित्सकों की ज्वाइनिंग का इंतजार है। नए चिकित्सकों के आने से मरीजों को लाभ होगा व उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पतालों का रूख नहीं करना होगा।
रेडियोलॉजिस्ट और फोरेंसिक एक्सपर्ट की जरूरत
नए चिकित्सकों की नियुक्ति से पहले विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल के चिकित्सकों की कमी को लेकर अधिकारियों को अवगत करवाया गया था, जिसमें रेडियोलॉजिस्ट, नेत्र रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, फिजिशियन और एमबीबीएस चिकित्सक की मांग की गई थी। दो महिला चिकित्सक, एक मेडिसन व एक सर्जन अस्पताल को मिल गया है। अब अस्पताल को रेडियोलॉजिस्ट का इंतजार है ताकि अल्ट्रासाउंड भी अस्पताल में शुरू हो सकें। इस समय नागरिक अस्पताल में 55 चिकित्सकों के पद स्वीकृत हैं। जिन पर केवल 18 चिकित्सक ही काम कर रहे थे। ऐसे में अब 11 चिकित्सकों के ज्वाइन करने से चिकित्सकों पर से ओपीडी का भार भी कम होगा।
नागरिक अस्पताल को मिले 37 चिकित्सकों में से 11 चिकित्सकों ने ज्वाइन कर लिया है। अन्य चिकित्सकों की ज्वाइनिंग का इंतजार है। नए चिकित्सकों की नियुक्ति से यहां कार्यरत चिकित्सकों पर वर्क लोड कम होगा।
डॉ. राजेश भोला, डिप्टी एमएस, नागरिक अस्पताल जींद