जींद। जिले में लगातार अफीम की खेती करने के मामले सामने आ रहे हैं। मंगलवार को थुआ गांव में एक व्यक्ति को पुलिस ने अफीम की खेती करते पकड़ा है। इसके पास से 49.300 किलोग्राम अफीम के पौधे बरामद हुए हैं। 15 दिन में जिले में चार स्थानों पर अफीम की खेती करते लोगों को पकड़ा गया है।
अलेवा खंड के गांवों कुचराना और थुआ, नरवाना खंड के पीपलथा गांव व सफीदों के एक धार्मिक स्थल में बड़ी मात्रा में अफीम की खेती पकड़ गई थी। इसी बीच बुधवार को भी पुलिस को सूचना मिली कि थुआ गांव निवासी रोशन उर्फ बसाऊ अपने खेतों में अफीम की खेती कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने रोशन उर्फ बसाऊ के खेतों में छापा मारकर अफीम की खेती पकड़ी। पुलिस के आने पर रोशन मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने पौधों को उखाड़ा और उसे एक कट्टे में भर दिया। पौधों का वजन 49.300 किलोग्राम हुआ है। अलेवा थाना पुलिस ने इस मामले में डिटेक्टिव स्टॉफ के एएसआई यशबीर सिंह की शिकायत पर थुआ गांव निवासी रोशन उर्फ बसाऊ के खिलाफ नशीला पदार्थ निरोध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।