जींद। एक पेड़ मां के नाम अभियान 2.0 के तहत पर्यावरण संरक्षण के लिए जिले में 13 लाख 46 हजार 250 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि सभी संबंधित विभाग इस अभियान में जुड़कर सरकारी स्कूलों, ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवरों में अधिक से अधिक पौधरोपण करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम 2.0 एक नई और महत्वपूर्ण पहल है, जो पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण के महत्व को बढ़ावा देगी। डीसी मोहम्मद इमरान रजा एनआईसी के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे।
डीसी ने कहा कि सीईओ जिप सभी पंचायतों से तालमेल करके उनसे पौधों की डिमांड लें, ताकि सभी पंचायतों को नर्सरी के माध्यम से पौधे मुहैया करवाए जा सके। सभी विभाग मानसून सीजन में पौधरोपण करेंगे। इसके लिए वे भी अपनी डिमांड वन विभाग को दें। अभियान के तहत लगाए जाने वाले पौधों की जियो टैगिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल में खास तौर पर मां के आशीर्वाद और प्रेम के प्रतीक के रूप में एक पेड़ को समर्पित किया जाएगा, ताकि जीवन के प्रति सम्मान और परिश्रम का संदेश दिया जा सके। इस अवसर पर एसडीएम सत्यवान सिंह मान, सीईओ जिप अनिल दून, डीएमसी सुरेंद्र सिंह, आरटी गिरीश कुमार, नगराधीश डॉ. आशीष देशवाल और डीएफ ओ पवन ग्रोवर भी मौजूद रहे।