27जेएनडी08: कार्यक्रम में मौजूद डिप्टी सीएमओ डॉ. पालेराम व अन्य।
- फोटो : संवाद
जींद। हीमोफीलिया सोसाइटी की ओर से निशुल्क फैक्टर वितरण और नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में इंटास फाउंडेशन के सहयोग से प्रत्येक हीमोफीलिया रोगी बच्चे को एक हजार यूनिट फैक्टर आठ निशुल्क प्रदान किया गया। यह शिविर हरियाणा में फैक्टर आठ की कमी को ध्यान में रखते हुए रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर नागरिक अस्पताल के डिप्टी सीएमओ डाॅ. पालेराम कटारिया ने की। उन्होंने हीमोफीलिया से ग्रस्त व्यक्तियों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
डाॅ. दीपिका लोहान (साइकोसोशलिस्ट) और अमेठी यूनिवर्सिटी गुरुग्राम से आई शोधकर्ताओं की टीम ने शिविर के दौरान हीमोफीलिया के नेत्र स्वास्थ्य पर प्रभाव से संबंधित आंकड़े एकत्रित किए। इस अवसर पर नागरिक अस्पताल में कार्यरत नर्स प्रीति को हीमोफीलिया रोगियों के लिए उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। उनके द्वारा फैक्टर इंफ्यूसन के समय प्रमुख एतिहात बरतने बारे रोगियों को जानकारी दी गई।
हीमोफीलिया सोसाइटी जींद के प्रधान आशुतोष शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हीमोफीलिया व थैलेसीमिया पेंशन पात्रता में आयु सीमा हटाने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह मांगपत्र हाल ही में उनके द्वारा संत कबीर कुटी चंडीगढ़ में दिया गया था। शिविर में जिले से बड़ी संख्या में हीमोफीलिया के रोगियों ने भाग लिया और लाभ प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि हीमोफीलिया सोसाइटी का उद्देश्य प्रदेश में हीमोफीलिया रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना और उनके जीवन को सरल एवं सुरक्षित बनाना है।