जींद। यात्रियों की सुविधा के लिए स्थानीय रेलवे स्टेशन पर लगाई गई दो स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन में से एक के खराब हो गई है। ऐसे में यात्रियों को टिकट लेने के लिए टिकट खिड़की के सामने कतार में लगना पड़ रहा है। यात्री कई बार खराब पड़ी स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन को दुरुस्त कराने की मांग कर चुके हैं लेकिन मशीन ठीक नहीं की गई।
जंक्शन पर स्वचालित टिकट मशीन लगने के बाद यात्रियों को लाइन में लगने से होने वाली परेशानी से मुक्ति मिली थी। दो में से एक टिकट वेंडिंग मशीन खराब होने के कारण अब फिर यात्रियों को टिकट खिड़की के सामने कतार में लगना पड़ रहा है। अब यहां पर एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है जो यात्रियों से गंतव्य स्थान पूछकर टिकट बनाता है। वहीं दूसरी मशीन खराब होने से यात्रियों की मुसीबत बढ़ गई है। कोरोना संक्रमण के मामले कम होने पर अब जींद जंक्शन से पैसेंजर व एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। हालांकि कुछ ट्रेनों का संचालन होना बाकी है। कोरोना संक्रमण से पहले जींद जंक्शन से 60 से अधिक पैसेंजर व एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन होता था। अब 35 से अधिक ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। लंबे रूट पर जाने के लिए यात्री रेलगाड़ी में ही सफर करना पसंद करते हैं। रेलगाड़ी में अब टिकट लेने के लिए यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में यात्रियों ने मांग की है कि खराब पड़ी टिकट वेंडिंग मशीन को ठीक करवाया जाए, जिससे यात्रियों को टिकट प्राप्त करने में आसानी हो।
बाक्स
ठीक कराई जाएगी मशीन
खराब मशीन ठीक कराई जाएगी। अभी यात्रियों की संख्या कम होने के कारण फिलहाल ज्यादा परेशानी नहीं है। एक मशीन चल रही है और साथ में यात्री काउंटर से भी टिकट ले सकते हैं।-जयप्रकाश, स्टेशन अधीक्षक, जींद जंक्शन।