जींद। ठेकेदार श्यामसुंदर हत्याकांड में पुलिस ने पोकरी खेड़ी निवासी अजमेर को हत्यारोपियों को पनाह देने के आरोप में काबू किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसको जमानत पर रिहा कर दिया। हत्या को 16 दिन हो चुके हैं, लेकिन पुलिस ने केवल एक ही मुख्य आरोपी और एक अन्य काबू किया है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों के बारे में कोई जानकारी नहीं जुटा पाई है।
बताते चलें कि 23 नवंबर को रोहतक रोड पर ठेकेदार श्यामसुंदर की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें उसके भतीजे को भी गोली लगी थी। श्यामसुंदर की मौत के बाद पुलिस ने 12 लोगों को नामजद कर मामला दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस ने फिलहाल दो ही आरोपियों की गिरफ्तारी की है। एक आरोपी पोकरी खेड़ी निवासी नरेश और दूसरे मुख्य आरोपी धर्मेंद्र पहलवान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नरेश को अदालत ने जेल भेज दिया, जबकि धर्मेंद्र पहलवान 10 दिन के रिमांड पर चल रहा है। पुलिस दूसरे मुख्य आरोपी बलजीत पोकरी खेड़ी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक उसके हाथ कुछ नहीं लगा है। वहीं बुधवार शाम को पुलिस ने गांव पोकरी खेड़ी निवासी अजमेर को गिरफ्तार किया है। अजमेर को पुलिस ने वीरवार को अदालत में पेश किया। जहां से उसे जमानत पर छोड़ दिया गया। शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि पुलिस लगातार इस मामले में आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।