18जेएनडी05: डिजिटल क्रॉप सर्वे की बैठक में दिशा-निर्देश देते हुए डीसी। स्रोत: प्रशासन
जींद। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि अधिकारी डिजिटल फसल सर्वे कार्य को प्राथमिकता दें। निर्धारित समय सीमा के भीतर अधिकारी कार्य पूरा करें। फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग, बेहतर समन्वय और संसाधनों का उपयोग करना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि डिजिटल फसल सर्वे एक महत्वाकांक्षी पहल है। इससे किसानों की फसलों का सटीक, पारदर्शी और अद्यतन रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। इससे भविष्य में योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी।
इससे पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरियाणा के डीएलआर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए।
जिले में ई-गिरदावरी का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। डीसी ने सभी संबंधित एसडीएम को निर्देश देते हुए कहा कि कार्य की प्रगति की दैनिक आधार पर समीक्षा सुनिश्चित की जाए। सीआरओ को भी सर्वेक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी पटवारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे पूर्ण तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और लापरवाही न बरती जाए। अंडर ट्रेनिंग पटवारियों को भी इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल कर उनकी क्षमता का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करें।
जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार ने बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे एक ऐसी प्रक्रिया है जिसके माध्यम से जिले में फसलों का वास्तविक एवं पारदर्शी डाटा तैयार किया जा रहा है। यह प्रणाली आधुनिक तकनीक पर आधारित है। किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर और सही तरीके से मिल सकेगा।