प्रदूषण रोकने के लिए एनजीटी द्वारा 30 जनवरी तक ईंट भट्ठों को बंद करने के आदेश दिए गए हैं। इसके बावजूद ईंट भट्ठों को चलाया जा रहा है। इतना ही नहीं ईंट भट्ठों पर जांच करने गई जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम के साथ अभद्रता करने व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी के साथ मारपीट का भी मामला सामने आया है। हालांकि डीएफएससी कार्यालय के लिपिक ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है, लेकिन प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी ने शिकायत नहीं दी है।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में डीएफएससी कार्यालय के लिपिक राजेश कुमार ने कहा कि ईंट भट्टे की जांच के दौरान उसे जान से मारने की धमकी दी गई। राजेश कुमार ने कहा कि डीएफएससी द्वारा दिए गए आदेशानुसार एफएससी बबीता ढुल व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एक अधिकारी के साथ ईंट भट्ठों की जांच करने गया था। इस दौरान जब वह ईगराह गांव स्थित एक ईंट भट्टे की जांच करने गए तो भट्ठा मालिक व उसके बेटे ने विभाग की टीम के सामने ही उसके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। राजेश कुमार ने कहा कि वे अनुसूचित जाति से संबंध रखते हैं और इसकी जानकारी भट्ठा मालिक को भी है। ऐसे में राजेश कुमार ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी पहुंचे जींद
सोमवार को यह पूरा मामला होने के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी दिनेश यादव मंगलवार को जींद पहुंचे। उन्होंने इस मामले में डीएफएससी व अन्य अधिकारियों से बात की, लेकिन प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी ने शिकायत करने से मना कर दिया। दिनेश यादव ने बताया कि न केवल उनके अधिकारी के साथ मारपीट की गई बल्कि उसका मोबाइल फोन छीनकर ईंट भट्ठा चलने का बनाया गया वीडियो व फोटो भी हटा दिया।
पहले 12 भट्ठों पर हो चुकी है कार्रवाई
इससे पहले भी ईंट भट्ठों ने एनजीटी के आदेशों की अवहेलना करते हुए काम जारी रखा है। ऐसे में 12 ईंट भट्ठों को बंद करवाया जा चुका है। वहीं तीन ईंट भट्ठों पर डीएफएससी कार्यालय द्वारा लगाई गई सील हटाकर काम शुरू करने का भी आरोप है। ऐसे में ईंट भट्ठा मालिकों पर एनजीटी के आदेश लागू करवाना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है।
चल रहे थे चार भट्ठे
लिपिक राजेश कुमार के अनुसार ईगराह गांव के पास चार भट्ठे चल रहे थे। इनकी जांच की गई है और रिपोर्ट विभाग को भेज दी गई है। वहीं इनको बंद करवाकर आने के बाद जब प्रदूषण विभाग के एसडीओ वापस जा रहे थे, तब फिर से उन्हें ईंट भट्ठे चलते दिखाई दिए। इस पर उन्होंने सड़क पर खड़े होकर ही वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि इस पर एक ईंट भट्ठा मालिक ने दूसरे लोगों को बुलाकर एसडीओ के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन छीनकर वीडियो हटा दिया।
पुलिस को दी है शिकायत
डीएफएससी सुरेंद्र सैनी के अनुसार विभाग के कर्मचारी के साथ अभद्रता की जानकारी मिली है। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई है। वहीं सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार के अनुसार उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।