जींद। सरकारी अस्पतालों में मंगलवार को स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने राज्य के सभी जिला एवं स्वास्थ्य संस्थानों में नौ जून को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक दो घंटे की पेन डाउन हड़ताल का ऐलान किया है।
एसोसिएशन ने यह निर्णय हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया की ओर से कुरुक्षेत्र के सिविल अस्पताल में नर्सिंग अधिकारियों के प्रति कथित तौर पर की गई अभद्र टिप्पणी और गलत व्यवहार के विरोध में लिया है।
एसोसिएशन की जिला अध्यक्ष शारदा सहरावत ने कहा कि सात जून को एक मामले की जांच के दौरान नर्सिंग अधिकारियों के साथ अनुचित व्यवहार किया गया और उन पर बेबुनियाद आरोप लगाए गए। संगठन का आरोप है कि नर्सिंग स्टाफ को बिना किसी ठोस आधार के मामले से जोड़ने का प्रयास किया गया, जिससे पूरे नर्सिंग समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।
संगठन ने महिला आयोग अध्यक्ष से पूरे नर्सिंग कैडर से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी उठाई है। पेन डाउन हड़ताल के कारण अस्पतालों की ओपीडी, वार्डों में नियमित कार्य, मरीजों की फाइलों की प्रक्रिया, जांच संबंधी कार्यों और अन्य नर्सिंग सेवाओं पर असर पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
सुमन कोहली को हड़ताल के लिए ज्ञापन दिया जाएगा
मंगलवार सुबह सिविल सर्जन डॉक्टर सुमन कोहली को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद दो घंटे की हड़ताल की जाएगी। इस दौरान जो भी मरीजों को परेशानी होगी उसकी जिम्मेदारी महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया की होगी।