मेढ सुनार संघ की बैठक की जानकारी देते हुए मेढ़ सुनार संघ के पदाधिकारी, सदस्य।
- फोटो : amarujala beuro
गीता विद्या मंदिर स्कूल के पास सेढ़ सुनार संघ की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता प्रधान सुभाष उर्फ शीलू सोनी ने की। इसमें सर्वसम्मति से फैसला लिया कि शादी में न तो दहेज लेंगे न ही दहेज देंगे। बेटे की शादी में एक रुपया शगुन के तौर पर लिया जाएगा। भविष्य में मेढ़ समाज की अधिक से अधिक राजनीति में भागीदारी सुनिश्चित हो, इसके लिए भी चुनाव के समय सर्वसम्मति से फैसला कर एक दल को वोट देने, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ को लेकर अभियान चलाने का फैसला लिया। मेढ़ समाज के बच्चे जिनके मां-बाप नहीं हैं, उनकी पढ़ाई का खर्च संघ द्वारा करने, गरीब परिवार के बेटी की शादी करने का फैसला लिया।
सोनी ने कहा कि बहु के रूप में लक्ष्मी घर आती है। दहेज की जो प्रथा है उसे खत्म करने के लिए यह फैसला लिया है। दहेज न देने, न लेने को लेकर समाज के लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। आज किसी भी क्षेत्र में बेटी बेटों से कम नहीं है। बेटी के जन्म पर भी कुआ पूजन सहित सभी रस्में अदा करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। बेटी के जन्म पर थाली बजाने, कुआं पूजन की रस्म अदा करने वाले परिवार को 501 रुपये संघ द्वारा शगुन के तौर पर दिया जाएगा। इस मौके पर लाला नगूरां, राजाराम, जोगिंद्र वर्मा, सुरेंद्र सोनी, वेदप्रकाश वर्मा, नन्नू वर्मा, अनिल वर्मा, राजू, मुकेश, गुरदीप मौजूद रहे।