23जेएनडी33: दुकानों के बाहर सर्विस लेन पर अतिक्रमण हटाने हुए। संवाद।
नरवाना। बस स्टैंड के समीप तक अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए वीरवार को एनएचएआई की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।हालांकि, कार्रवाई का असर जमीन पर सीमित ही दिखाई दिया। बुलडोजर की मदद से दुकानों के आगे बने पक्के निर्माण और ब्लॉक तो उखाड़ दिए गए लेकिन दुकानदारों की ओर से लगाए गए लोहे के शेड को नहीं हटाया गया।
अभियान के दौरान प्रशासनिक टीम ने सर्विस लेन को खाली करवाने का प्रयास किया जो पिछले कई वर्षों से अतिक्रमण की चपेट में है। दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर सामान रखकर सर्विस लेन को लगभग बंद कर दिया है जिससे राहगीरों को मजबूरन हाईवे पर चलना पड़ता है। इससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी इसी तरह का अभियान चलाया गया था लेकिन उस समय भी केवल औपचारिक कार्रवाई ही की गई थी। कुछ ही दिनों में दोबारा अतिक्रमण हो गया और सर्विस लेन फिर से दुकानों का हिस्सा बन गई।
स्थायी समाधान की मांग
वीरवार को दिनभर चली कार्रवाई के बाद शाम होते-होते दुकानदारों ने फिर से उखाड़े गए ईंट-पत्थर और सामान को पहले की तरह जमा कर लिया। रमेश, अनिल, विक्रम, विकास, शमशेर का कहना है कि यदि सख्ती से कार्रवाई नहीं की गई तो समस्या जस की तस बनी रहेगी। लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है ताकि सर्विस लेन आमजन के उपयोग के लिए खुल सके और यातायात सुगम हो सके।
वर्जन
पिछले काफी समय से ड्यूटी मजिस्ट्रेट व फोर्स नहीं मिल रही थी जिससे यह अतिक्रमण हटाने का कार्य नहीं हो सका। वीरवार को फोर्स मिली और अतिक्रमण हटाने का काम शुरू हुआ। विभाग ने सर्विस लेन को बनाने को लेकर टेंडर अप्रूवल के लिए भेजा है। अप्रूवल मिलते ही सर्विस लेन को पहले उखाड़ा जाएगा फिर यहां से मलबा साफ कर यहां पर सर्विस लेन दोबारा से बनाई जाएगी।
–अनिल, रेजिडेंट ऑफिसर, एनएचएआई।