जींद। जिले में सरकारी स्कूलों में नया सत्र शुरू हो चुका है। ऐसे में अब विद्यार्थियों को इस सत्र में विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान कोई परेशानी नहीं आए, इसके लिए स्कूलों में किताबें भिजवाई जा रही हैं। यह किताबें पहली से लेकर आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को मिलेंगी। अभी पांचवीं और आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए किताबें आना बाकी है।
इस समय सरकारी स्कूलों में दाखिले किए जा रहे हैं। राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को पुस्तकों के लिए हर साल की तरह इस बार परेशान नहीं होना पड़ेगा। विद्यार्थियों को इस बार नए सत्र में स्कूलों में छात्र संख्या के अनुसार समय से पुस्तकें मुहैया करा दी जाएंगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने पहले से ही योजना बना ली है। विभाग ने अधिकारियों की छात्र संख्या अनुसार किताबों की डिमांड मांगी थी, जो अधिकारियों की ओर से भेज दी गई है। समय से पुस्तकें मिलने से अध्यापकों को भी पढ़ाने में सहूलियत होगी। हर साल आधा सत्र बीत जाने के बाद विद्यालयों में किताबें आती थी, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती थी। ऐसे में शिक्षा विभाग ने इस बार सत्र की शुरू होने से पहले पुस्तकें पहुंचाने की योजना बनाई है। विभाग की ओर से पिछले दिनों विद्यालयों से डिमांड मांग ली गई थी। बता दें कि राजकीय विद्यालयों में पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को निशुल्क पुस्तकें दी जाती हैं। पिछले सत्र में बालवाटिका से लेकर आठवीं कक्षा तक के 68 हजार से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे थे। नए सत्र में समय पर पुस्तकें आने से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
सत्र 2024-25 में विद्यार्थियों की संख्या
पिछले सत्र 2024-25 में बालवाटिका से लेकर आठवीं कक्षा तक 68 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल थे। बालवाटिका में 4643, पहली कक्षा में 4617, दूसरी कक्षा में 4852, तीसरी कक्षा में 7359, चौथी कक्षा में 8457, पांचवीं कक्षा में 9188, छठी कक्षा में 9207, सातवीं कक्षा में 9544 और आठवीं कक्षा में 10425 विद्यार्थी शामिल थे।
स्कूलों में चल रहा सीआरपी कार्यक्रम
शिक्षा विभाग की ओर से अब स्कूलों में क्लास रेडीनेस यानी सीआरपी कार्यक्रम चल रहा है। कार्यक्रम के तहत जो बच्चे पिछली कक्षाओं में किसी विषय में कमजोर थे, उनकी तैयारी को लेकर यह कार्यक्रम चल रहा है। इस बारे में रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी स्वयं ले रहे हैं।
विद्यार्थियों को इस साल परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। विभाग की ओर से एमआईएस पोर्टल पर किताबों की डिमांड की गई थी। नया सत्र शुरू होने पर पुस्तकें सभी विद्यार्थियों को उपलब्ध होंगी। एक-दो कक्षा के विद्यार्थियों की किताब आना बाकी है। अभी स्कूलों में किताबें आ रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को सुविधा होगी।
-डॉ. सुभाष वर्मा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी जींद।