एनएचएआई के ठेकेदार और प्रशासन की लापरवाही ने बुधवार रात को नागरिक अस्पताल के डाटा एंट्री ऑपरेटर 30 वर्षीय कृष्ण की जिंदगी छीन ली। कृष्ण रात को अपने दोस्त तरुण के साथ सीआरएसयू की तरफ से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में अपने कमरे पर जा रहा था। जब वह जेल के पास बन रहे आरओबी के नजदीक पहुंचा तो वहां पर न तो बैरिकेडिंग थी और न ही निर्माणाधीन कार्य का कोई सांकेतिक बोर्ड लगा था। इसके चलते वह अपने दोस्त के साथ फ्लाइओवर पर चला गया। वह लगभग 20 फुट नीच रेलवे लाइन पर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर एनएचएआई के ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही बरत कर हादसे को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
जीआरपी को दी शिकायत में कृष्ण के चाचा रविंद्र ने बताया कि उसका भतीजा कृष्ण अक्तूबर 2019 में नागरिक अस्पताल में आउटसोर्स के तहत डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर नियुक्त हुआ था। वह शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहता था। बुधवार रात को वह अपने दोस्त तरुण के साथ सीआरएसयू की तरफ किसी काम से गया था। जब वह बाइक पर सवार होकर लौट रहा था तो रोहतक रोड पर निर्माणाधीन पुुल पर चला गया, जोकि बीच में अधूरा है। जहां से उसकी बाइक नीचे गिर गई। कृष्ण की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त निवासी तरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पुलिस ने नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालात को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। लेकिन परिजन उसे हिसार के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए लेकर चले गए। जीआरपी थाना प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि मृतक के चाचा कृष्ण की शिकायत पर एनएचएआई के ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरतने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आसपास के लोगों ने बताया कई दिन से नहीं लगे थे बैरिकेड्स
घटनास्थल के आसपास के लोगों ने बताया कि निर्माणाधीन पुल पर विवि की तरफ कई दिन से बैरिकेड्स नहीं लगे थे और वहां पर कोई सांकेतिक बोर्ड भी नहीं है। जिसके कारण आए दिन हादसों होने का डर बना रहता है। ठेकेदार की इस लापरवाही पर जिला प्रशासन भी कोई संज्ञान नहीं ले रहा।
आसपास के लोगों ने हटाए बोर्ड : एनएचएआई कंसल्टेंट
एनएचएआई के कंस्लटेंट अभिषेक ने बताया कि उन्होंने निर्माणाधीन फ्लाईओवर के दोनों तरफ बैरिकेडिंग व पोस्टर लगाए हुए थे। इनको आसपास के लोगों ने हटा दिया। दुर्घटना सावधानी नहीं बरतने के कारण हुई है। जबकि एनएचएआई की इसमें कोई लापरवाही नहीं है।
विधायक ने दिए आदेश
वहीं वीरवार को शहर के विकास कार्यों को लेकर भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा द्वारा अधिकारियों की मीटिंग ली गई थी। इसमें उन्होंने यह मुद्दा उठाया, तो एनएचएआई के सलाहकार ने कहा कि यहां बोर्ड लगाए गए थे। लेकिन लोगों ने उठा लिए। इस पर विधायक ने सख्ती दिखाते हुए कहा कि ऐसा नहीं होता और यदि लोगों ने बोर्ड उठाए भी हैं तो दोबारा बोर्ड लगाए जाने चाहिए थे। उन्होंने आदेश दिए कि सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं।
आरओबी से नीचे गिरी बाइक। संवाद- फोटो : Jind
नागरिक अस्पताल में कागजी कार्रवाई करती पुलिस। संवाद- फोटो : Jind
कृष्ण का फाइल फोटो।- फोटो : Jind