24जेएनडी16-भंडारे का प्रसाद वितरीत करते हुए सदस्य। संवाद
नरवाना। आमावस्या के अवसर पर नरवाना भगवती क्लब की ओर से सनातन धर्म मंदिर में 89वां भंडारा आयोजित किया गया। भंडारे में श्रद्धालुओं को कढ़ी, चावल और जलेबी का प्रसाद वितरित किया गया। इस आयोजन में क्लब के प्रधान राकेश गर्ग, उपप्रधान जोनी सिंगला, अनुप गोयल, विक्रम गोयल, वरुण गुप्ता, सुमित गोयल, जिक्षासु और पवन सहित अन्य सदस्यों ने सेवा भाव से भाग लिया।
क्लब के उपप्रधान जोनी सिंगला ने बताया कि 27 जुलाई को सुबह साढ़े पांच बजे नरवाना से मां बनभौरी धाम के दर्शनों के लिए निशुल्क बस रवाना की जाएगी। इच्छुक श्रद्धालु समय पर महाराजा अग्रसेन चौक पहुंचकर इस धार्मिक यात्रा में भाग ले सकते हैं। इस दौरान क्लब के सक्रिय सदस्य विक्रम गोयल ने बताया कि नरवाना भगवती क्लब नगर पालिका नरवाना के सहयोग से महाराजा अग्रसेन चौक की सफाई, रखरखाव और सुंदरीकरण का कार्य भी पूर्ण जिम्मेदारी से कर रहा है।
क्लब ने आमजन से अपील की है कि चौक के आस पास कोई भी व्यक्ति कूड़ा कचरा नहीं फेंके और शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। क्लब के यह प्रयास न केवल सेवा कार्य है, बल्कि शहर की सुंदरता और धार्मिक चेतना को बनाए रखने की दिशा में भी एक सराहनीय कदम है।