सड़क के बीच में बैठे सांड़। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। शहर में बेसहारा पशुओं को पकड़ने के अभियान पर तीन दिनों से रोक लग गई है। नगर परिषद का ठेकेदार सांड़ व नंदियों को पकड़कर नंदीशाला में छुड़वाता था, लेकिन अब नंदीशाला प्रबंधन ने चारे की कमी का हवाला देते हुए गोवंशों को लेने से मना कर दिया है। ठेकेदार ने छह महीने का ठेका लिया हुआ है। अभी तक 600 पशुओं को पकड़ा गया है, लेकिन एक हजार से अधिक पशु शहर की सड़कों पर घूम रहे हैं।
अब सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है। धुंध शुरू होते ही यह बेसहारा पशु सड़कों पर बैठेंगे और इनके चलते हादसे भी होंगे। सितंबर के शुरू होते ही नगर परिषद ने शहर से बेसहारा पशुओं को पकड़ने का ठेका दिया था। इसके बाद ठेेकेदार ने पशुओं को पकड़ने का अभियान शुरू किया। दो-तीन दिन ही ठेकेदार ने अभियान चलाया था। इसके बाद उसकी टीम में पशु पकड़ते समय राम कॉलोनी निवासी एक युवक की मौत हो गई। इससे बाद मृतक युवक के परिजनों ने ठेकेदार से हर्जाना मांगा। इस प्रक्रिया में लगभग एक सप्ताह का समय निकल गया और अभियान बंद रहा। बाद में नगर परिषद ने ठेके संबंधी प्रक्रिया में कुछ तबदीलियां की और पशुओं के पकड़ने का अभियान शुरू हुआ। लेकिन लगातार अभियान नहीं चलने के कारण अब तक केवल 600 पशु ही पकड़े गए। अब नंदीशाला ने इनको लेने से मना कर दिया है। इस कारण फिर से अभियान बंद हो गया। यह पशु सड़क के बीच टहलते रहते हैं, जिस कारण हादसे हो रहे हैं।
अब तक इनके कारण हो चुके दर्जनों हादसे
बेसहारा पशुओं के कारण शहर और आसपास के क्षेत्रों में काफी हादसे हो चुके हैं। इनमें से कई की जान भी जा चुकी है। 3 अप्रैल 2019 को नरवाना रोड पर गोवंश सामने आने पर बाइक सवार ने अचानक ब्रेक मारी, पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें अहिरका निवासी मनोज व राहुल की मौत हो गई, जबकि दर्शन नामक युवक घायल हो गया। नवंबर 2019 में अमरहेड़ी के पास बाइक सवार के आगे गोवंश आने पर वह सड़क पर गिर गया। एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि दो घायल हो गए थे। 11 जून 2020 को लजवाना खुर्द में सांड़ ने वृद्ध को टक्कर मार दी। इसमें वृद्ध की मौत हो गई। 13 जून 2020 को पंजाबी बाजार मोहल्ला निवासी गौरव को सांड़ ने घायल कर दिया था। उसकी बाद में मौत हो गई। 21 जून 2020 के सरनाखेड़ी निवासी को बाइक पर जाते समय सांड़ ने सींग मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। 29 जुलाई 2021 को सफीदों के रामपुरा रोड पर पशु को बचाने के चक्कर में गाड़ी पेड़ से टकरा गई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। अभी ठेकेदार जब पशुओं को पकड़ने का अभियान चला रहा था तो 12 सितंबर को राम कॉलोनी निवासी सुनील को सांड़ ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई।
नगर परिषद के सीएसआई मोहन भारद्वाज ने कहा कि फिलहाल नंदीशाला ने सांड़ व गोवंशों को लेने से मना कर दिया है। ठेकेदार को गायों को पकड़ने के लिए कहा गया है। जल्द ही नंदीशाला प्रबंधकों के साथ बातचीत की जाएगी और सांड़ व गोवंशों को भी पकड़ने का अभियान शुरू किया जाएगा। अभी तक ठेकेदार ने 600 पशुओं को पकड़ा है। जल्द ही सभी पशुओं को पकड़कर नंदीशाला या गोशाला में छोड़ा जाएगा।