09जेएनडी08-होटल बंद करवाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे कॉलोनी के लोग। स्रोत शहरवासी
जींद। शहर के नरवाना रोड पर होटल पर वेश्यावृत्ति को बंद कराने की मांग को लेकर चल रहे धरने पर लगाए गए टैंट हटाने के लिए नगर परिषद ने नोटिस दिया। नोटिस में लिखा गया है कि यह धरना नगर परिषद की अनुमति के बिना एक साल से चल रहा है। इसलिए टेंट लगाकर नगर परिषद की जमीन पर अतिक्रमण किया हुआ है जो कि एक्ट 1973 की धारा 181, 190 के अनुसार अपराध की श्रेणी में आता है। इससे आमजन को आने-जाने में परेशान होना पड़ता है। इसको लेकर लोगों ने भी डीसी जींद को शिकायत भेजी है और नगर परिषद सीएसआई पर गुमराह करने का आरोप लगाया है।
नरवाना रोड पर करीब एक साल से शहरवासियों का धरना चल रहा है। उनका आरोप है कि नरवाना रोड पर बने एक होटल में वेश्यावृत्ति हो रही है। होटल व्यापार की आड़ में वेश्यावृत्ति को बढ़ावा दिया जा रहा है।
सरकार और प्रशासन को गुमराह कर रहे नप कर्मचारी
धरने पर बैठे लोगों का कहना था कि नप सीएसआई (चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर) सरकार और अधिकारियों को गुमराह कर रहे हैं। यह धरना कोई व्यक्तिगत या व्यापार करने के लिए नहीं लगाया गया है। यह वेश्यावृत्ति को बढ़ावा दे रहे होटल के विरोध में लगाया हुआ है। उनकी ओर से कोई अतिक्रमण नहीं किया है न ही किसी भी पड़ोसी का कोई रास्ता रुका हुआ है। नोटिस में लगाए गए आरोप आमजन को आने जाने में परेशानी, दुर्घटना का खतरा, जाम की स्थिति जैसे आरोप झूठे हैं। आरोप है कि सीएसआई अपने व्यक्तिगत लाभ और रुचि दिखाते हुए धरने को हटाना चाहते हैं। यदि उन्हें कोई जान माल की हानि होती है तो इसके लिए नगर परिषद अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
नरवाना रोड पर धरना दे रहे लोगों को नोटिस दिया है। उन्होंने पिछले एक साल से बिना नप की अनुमति के अतिक्रमण किया हुआ है। इससे रास्ता तंग हो गया है जिससे आने-जाने वालों को परेशानी हो रही है। अब धरने पर लगाया गया टेंट हटाया जाएगा।
-सुनील दत्त, सीएसआई, नगर परिषद जींद
09जेएनडी08-होटल बंद करवाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे कॉलोनी के लोग। स्रोत शहरवासी