जींद। रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब जींद जंक्शन से अमृतसर जाने के लिए लोगों को सीधी ट्रेन मिल जाएगी। यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन वीरवार को चलेगी।
रेलवे ने दिल्ली-बठिंडा रेलमार्ग पर अमृतसर के लिए ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। इसको लेकर रेलवे अधिकारियों ने शनिवार को इस ट्रेन का ट्रायल लिया था, जो सफल रहा। ट्रेन नंबर 09009-10 नंबर मुंबई सेंट्रल-अमृतसर स्पेशल ट्रेन को जींद जंक्शन से गुजारा गया था। हालांकि रेलवे इस ट्रेन को स्पेशल के तौर पर चला रहा है। रेलवे ने अभी इस ट्रेन के चलाने की तारीख तय नहीं की है। जैसे ही नोटिफिकेशन आएगा, उसके बाद इस इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस ट्रेन का नरवाना जंक्शन पर ठहराव नहीं होगा। यह ट्रेन जींद जंक्शन के बाद जाखल स्टेशन पर रुकेगी। नरवाना के लोगों को अमृतसर जाने के लिए जींद जंक्शन आना होगा।
बॉक्स
ट्रेन की समय सारिणी
यह ट्रेन मुंबई सेंट्रल से रात साढ़े 11 बजे चलकर बोरीवाली, वापी, सूरत, भरूच, बड़ोदरा, आनंद जंक्शन, अहमदाबाद जंक्शन, मेहसाणा स्टेशन, पालनपुर स्टेशन, अबू रोड स्टेशन, मारवाड़ जंक्शन, अजमेर जंक्शन और जयपुर जंक्शन पहंचेगी। दूसरे दिन शाम 7 बजकर 15 मिनट पर जयपुर से चलकर यह ट्रेन अलवर स्टेशन आएगी और यहां से रात 9 बजकर 2 मिनट पर रेवाड़ी जंक्शन के लिए रवाना होगी। रात 11 बजे रेवाड़ी पहुंचने वाली ट्रेन 5 मिनट के ठहराव के बाद रोहतक के लिए रवाना होगी। ट्रेन रात 1 बजे रोहतक पहुंचेगी। यहां से चलकर यह ट्रेन रात 2 बजकर 15 मिनट पर जींद पहुंचेगी। यहां पर दो मिनट ठहराव के बाद जाखल के लिए रवाना हो जाएगी। सुबह 3 बजकर 45 मिनट पर पहुंचने के बाद यह ट्रेन दो मिनट के ठहराव के बाद सुबह पांच बजकर पांच मिनट पर धुरी स्टेशन पहुंचेगी। यहां से चलकर यह ट्रेन तीसरे दिन सुबह साढ़े छह बजे लुधियाना पहुंचेगी। 7 बजकर 40 मिनट पर जालंधर कैंट पहुंचेगी। सुबह 8 बजकर 50 मिनट पर ब्यास और साढ़े दस बजे अमृतसर पहुंच जाएगी।
बॉक्स
जींद से लोग जाते हैं स्वर्ण मंदिर
जिले से हर साल बड़ी संख्या में लोग अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर व अन्य स्थानों पर जाते हैं। जींद से अमृतसर के लिए सीधी ट्रेन नहीं होने की वजह से लोगों को अमृतसर जाने के लिए कुरुक्षेत्र जंक्शन से ट्रेन पकड़नी पड़ती है, लेकिन वहां तक जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। यदि जींद जंक्शन से अमृतसर के लिए सीधी ट्रेन की सुविधा होगी तो लोगों को काफी राहत मिलेगी। गर्मी की छुट्टियों में भी जींद से काफी परिवार घूमने के लिए अमृतसर जाते हैं।
वर्जन
रेलवे ने शनिवार को मुंबई सेंट्रल-अमृतसर स्पेशल ट्रेन का सफल ट्रायल किया था, हालांकि अभी तक रेलवे ने इस ट्रेन को चलाने की तारीख निर्धारित नहीं की है। इस ट्रेन के चलने से जींद के आसपास क्षेत्र के काफी यात्रियों को फायदा होगा। -जेएस कुंडू, अधीक्षक, रेलवे जंक्शन, जींद।
फोटो कैप्शन
01जेएनडी 09-मुंबई सेंट्रल-अमृतसर स्पेशल ट्रेन। फाइल फोटो