उचाना। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हिसार से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश जेपी की कार सांड से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के एयरबैग खुल गए। चालक और सांसद जेपी को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। हादसा शुक्रवार दोपहर बाद 352 संगरूर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर बड़ौदा गांव के पास हुआ। घटना के बारे में पता चलने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फोन कर सांसद जयप्रकाश का हालचाल जाना।
सांसद जयप्रकाश शुक्रवार दोपहर बाद नारनौंद से नरवाना जा रहे थे। कार में चालक सोनू और सांसद बैठे हुए थे। सांसद चालक के साथ ही आगे वाली सीट पर बैठे थे। बड़ौदा से आगे दूसरी तरफ से सांड अचानक छलांग लगाकर उनकी कार के सामने आ गया।
सांड की टक्कर से कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सांसद की कार का एक्सीडेंट होने की जानकारी मिलने के बाद कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। सांसद जयप्रकाश को कार से नागरिक अस्पताल लाया गया।
सांसद की अंगुली और पैर में आई खरोंच
थाना प्रभारी चंद्रपाल भी घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे। डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि सांसद जयप्रकाश को अंगुली और पैर में खरोंच आई है। इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। सांसद के साथ चालक सोनू को भी अंदरूनी चोटें आई हैं। सांसद जयप्रकाश दूसरी कार से कार्यकर्ताओं के साथ कैथल की तरफ रवाना हो गए।
एनएचएआई को ठहराया जिम्मेदार
लावारिस पशुओं से हो रही दुर्घटनाओं को लेकर सांसद जयप्रकाश ने एनएचएआई को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि इसको लेकर वे एनएचएआई के सेक्रेटरी और चेयरमैन से चर्चा करेंगे। एनएचएआई यह भी नहीं कह सकते कि यह किसान का पशु है। किसान के खेत से पशु आ सकता है कोई बड़ी बात नहीं है। पूरी जिम्मेदारी एनएचएआई की है। एनएचएआई पीडी हिसार के अधीन आता है। लावारिस पशुओं की रोकथाम की व्यवस्था एनएचएआई को करनी चाहिए। दुर्घटना में भगवान ने उन्हें बचा लिया। एयरबैग खुल गए और गाड़ी मजबूत होने के कारण बड़ा नुकसान टल गया।
सांड के अचानक आने से हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शी रामनिवास करसिंधु ने बताया कि वे खेत में कार्य से गए थे। जब वो वापस आ रहे थे तो जींद की तरफ से आ रही कार के आगे एकदम से दूसरी तरफ से छंलाग लगा कर सांड कार के आगे आ गया। टक्कर जबरदस्त थी कि सांड काफी दूर जाकर गिरा। सांसद जयप्रकाश कार में थे। सांसद व चालक दोनों गाड़ी से बहार निकले। गाड़ी के बलून खुल गए। हादसे के बाद सांसद घबराए हुए थे।
वर्जन
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। हादसा कार के आगे अचानक सांड आने से हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-चंद्रपाल, प्रभारी, पुलिस थाना उचाना
फोटो 26जेएनडी17-बड़ौदा के पास दुर्घटनाग्रस्त सांसद जयप्रकाश की कार। स्रोत राहगीर
फोटो 26जेएनडी17-बड़ौदा के पास दुर्घटनाग्रस्त सांसद जयप्रकाश की कार। स्रोत राहगीर