सुशीला और उसका पति मनजीत निजी स्कूल में शिक्षक हैं। रोशनी दोनों को नौकरी वाला बताकर उनके हिस्से की जमीन देने से मना कर दिया था। उसने यह जमीन अपने दूसरे बेटे मुकेश को दे दी थी। जमीन को लेकर सास-बहू के बीच विवाद रहता था।
हत्या के दिन भी सास-बहू के बीच विवाद हुआ था। इसके चलते ही बहू ने पहले सास को नींद की गोलियां दी। इसके बाद उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर काट दिया। इतना ही नहीं उसने सास की छाती पर कैंची से कई वार किए।
आठ एकड़ जमीन को लेकर विवाद
रोशनी के दो बेटे हैं। इनमें से मनजीत और उसकी पत्नी सुशीला निजी स्कूल में अध्यापक हैं, जबकि दूसरा बेटा मुकेश खेतीबाड़ी करता है। इसके चलते रोशनी ने अपनी आठ एकड़ जमीन मुकेश को दे रखी थी, जबकि सुशीला अपने हिस्से की जमीन मांग रही थी। रोशनी सुशीला के साथ ही रहती थी।
सुशीला अपनी सास की हत्या करने से 15 दिन पहले नींद की छह गोलियां लाई थी। उसने दो गोलियां 18 मार्च को ग्लूकोज में घोलकर सास को पिला दी। कुछ समय बाद उसकी सास ने सिर दर्द होने की बात कहकर सुशीला से सिरदर्द की दवा मांगी तो उसने नींद की दो गोलियां और खिला दी। उसके बाद रोशनी सो गई।
हत्या से पहले बेटी को मायके छोड़कर आई थी सुशीला
हत्या से पहले सुशीला अपनी बेटी को मायके नरवाना में छोड़कर आई थी। इसके बाद वह नरवाना से दवाई लाने के बहाने दोबारा सास के पास आई तो वह नींद में थी। इस दौरान उसने चाकू से सास का गला काट दिया। इसके बाद कैंची लेकर उसकी छाती पर कई वार किए। हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू और कैंची को वह नरवाना नहर में फेंक आई थी।
लूट का मामला दिखाने की रची साजिश
सुशीला ने सास की हत्या के मामले में पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट की कहानी गढ़ी। सास के गले व कानों से सोने के गहने निकाल लिए।
पैतृक जमीन के विवाद में सास की हत्या करने की आरोपी बहू सुशीला को पुलिस ने रविवार को अदालत में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान सुशीला से पूछताछ की जाएगी। - जितेंद्र खटकड़, डीएसपी उचाना।