जींद। शहर में बरसात के सीजन में सीवरेज ओवरफ्लो होकर घरों में गंदे पानी के बैक मारने की समस्या से निजात दिलाने के लिए विभाग दो मैनहोल डिसिल्टिंग ग्रैब मशीन खरीदने की तैयारी में है। 27 जून को मशीन खरीदने के लिए ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया की बिड खुलेगी।
बरसात के समय में शहर के सभी वार्डों की कॉलोनियों में सीवरेज ओवरफ्लो होने की समस्या बढ़ जाती है। कई कॉलोनियां तो ऐसी हैं, जिसमें बरसात के दो दिन बाद भी पानी ठहरा रहता है।
इसके कारण सीवरेज के नालों की गंदगी घरों में बैक मारती हैं। शिव कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड, विजय नगर, राम कॉलोनी, श्याम नगर, कृष्णा कॉलोनी समेत 20 से ज्यादा कॉलोनियों में यह गंभीर समस्या थी।
जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मैनहोल की सफाई गहराई होने के कारण ठीक से नहीं कर पाते थे। इसके अलावा सीवरेज के पाइप लाइन बंद हो जाते थे। बरसात होते ही पानी की निकासी नहीं हो पाती। यह शहर के लोगों के लिए बड़ी समस्या बन जाती थी।
ग्रैब मशीन के खरीदने पर मैनहोल की सफाई समय-समय पर करवाना आसान होगा। दोनों मशीन दिन में लगभग 25 से 30 सीवरेज के मैनहोल की सफाई आसानी से कर सकती हैं।
क्या है मैनहोल डिसिल्टिंग ग्रैब मशीन
मैनहोल डिसिल्टिंग ग्रैब मशीन (हाइड्रोलिक संचालित) एक ऐसी मशीन है जो मैनहोल से गाद और कीचड़ निकालने के लिए तैयार की गई है। इससे गाद को आसानी से उठाया और हटाया जा सकता है, जहां मैनहोल से गाद और कीचड़ को नियमित रूप से हटाने की आवश्यकता होती है। यह मशीन मैनहोल की गहराई में जाकर आसानी से काम करती है।
वर्जन
शहर में सीवरेज के मैनहोल में गाद जमने के कारण बरसात के सीजन में हर साल ओवरफ्लो की समस्या रहती थी। इस समस्या का स्थाई समाधान करने के लिए दो मशीन विभाग खरीदने की तैयारी में है। इनकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 27 जून को बिड ओपन होगी। इसके बाद मशीन खरीद ली जाएगी। जिससे शहर के सभी मैनहोल की सफाई नियमित व बेहतर होगी। इसके बाद सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या से पूरी तरह निजात मिलेगी।
भानूप्रताप एक्सईन जनस्वास्थ्य विभाग जींद।