जींद। जिले में सीईटी की परीक्षा की तैयारियों को लेकर मुख्य प्रधान सचिव आरके खुल्लर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने सीईटी परीक्षा के लिए बनाए गए सभी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं तय करना सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। जिला में परीक्षा के दृष्टिगत 49 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं जिनमें 13 हजार 964 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से दी गई हिदायतों की पालना सभी केंद्र संचालक करें और परीक्षा को पारदर्शी तरीके से समापन कराएं। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस सभागार में सीईटी परीक्षा को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे।
डीसी ने कहा कि परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने 26 और 27 जुलाई को दो-दो कुल सत्रों में परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है। ऐसे में आयोग की एसओपी के अनुसार जिला में परीक्षा से जुड़ी व्यवस्था की जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध हो। सीसीटीवी कैमरों की उचित व्यवस्था कराई जाए।
डीसी ने कहा कि सभी उपमंडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की एक बार दोबारा समीक्षा करें। इस कार्य में शिक्षा विभाग और अन्य अधिकारियों का भी सहयोग लिया जाए। उन्होंने जिला से बाहर परीक्षा देने और बाहर से जिला में आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए परिवहन व्यवस्था की एक कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
परीक्षार्थियों की केंद्रों तक समय पर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। साथ ही अन्य जिलों में परीक्षा देने जाने वाले परीक्षार्थियों को भी परिवहन की व्यवस्था उपलब्ध होनी चाहिए।
इस मौके पर एसपी कुलदीप सिंह, एडीसी विवेक आर्य, एसडीएम सत्यवान सिंह मान, एसडीएम जगदीश चंद्र, होशियार सिंह, आरटीए सचिव गिरीश, डीएमसी सुरेंद्र सिंह, नगराधीश डॉ. आशीष देशवाल, रोडवेज महाप्रबंधक राहुल जैन और डीईईओ डॉ. सुभाष वर्मा भी मौजूद रहे।