नरवाना। शहर के कैनाल रोड स्थित श्री जयराम नेत्र, दंत, प्रसूति एवं सामान्य अस्पताल में आधुनिक डेंटल चेयर और उन्नत दंत चिकित्सा इकाई का शुभारंभ किया गया। अब क्षेत्र के लोगों को दांतों से संबंधित आधुनिक उपचार स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगे।
अत्याधुनिक डेंटल चेयर की सहायता से रूट कैनाल ट्रीटमेंट (आरसीटी), दांतों की सफाई, मसूड़ों के रोगों का उपचार और डेंटल इंप्लांट जैसी सुविधाएं किफायती दरों पर प्रदान की जाएंगी। यह डेंटल चेयर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पूर्व प्रधान एवं स्वतंत्रता समूह सेवा समिति के चेयरमैन प्रदीप मोर द्वारा जनसेवा के उद्देश्य से अस्पताल को भेंट की गई है। शुभारंभ धर्मपत्नी संतोष मोर ने किया।
इस अवसर पर जयराम अस्पताल प्रबंधन समिति के प्रधान कैलाश सिंगला ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य कम खर्च में आम नागरिकों और जरूरतमंद परिवारों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अब लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
वर्तमान में अस्पताल में आंख, दांत, एमडी मेडिसिन, गायनाकोलॉजी, फिजियोथेरेपी और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध हैं। कार्यक्रम में जियालाल गोयल, रोहताश सिंगला, विशाल मिर्धा, मेहशी गर्ग, प्रवीण दनोदा, डॉ. संजय, विपुल नैन आदि उपस्थित रहे।