जींद। सफीदों सफीदों विधायक रामकुमार गौतम ने सोमवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक करोड़ 22 लाख रुपये के गोशालाओं को चेक वितरित किए।
विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की ओर से पशुधन संवर्धन के लिए अनेक प्रभावी कानून बनाए गए हैं। सरकार गोवंश के संरक्षण और देखभाल के लिए लगातार प्रयासरत है।
विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं बल्कि गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाना भी है ताकि वे बेहतर ढंग से गोवंश की सेवा कर सकें। इसके बाद उन्होंने अनाज मंडी और पिल्लूखेड़ा अनाज मंडी का दौरा किया।
उन्होंने किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने बारदाना, क्रेट, बिजली व्यवस्था, पीने के पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों के लिए मंडियों में पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं ताकि फसल खरीद प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से संचालित हो सके।
इस दौरान पूर्व विधायक कली राम पटवारी, पिल्लूखेड़ा मार्केट कमेटी चेयरमैन रोहतास शर्मा, सफीदों मार्किट कमेटी चेयरमैन चंद्र सैनी, नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष सेवा राम सैनी, श्याम शर्मा, गीता सैनी, हरीश शर्मा, सतेंद्र राणा, कृष्ण खातला, विनोद कौशल मौजूद रहे।