24जेएनडी35: जिला शिक्षा विभाग कार्यालय। फाइल फोटो
जींद। जिले में मिशन बुनियाद में विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग की तरफ से शेड्यूल जारी किया गया है। इसमें विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 16 दिसंबर तक पंजीकरण करवाने होंगे।
मिशन बुनियाद कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा को बढ़ाना है। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी ही इसमें आवेदन कर सकते हैं। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को इसमें शामिल होकर वैज्ञानिक सोच बढ़ाने का मौका मिलता है। जो विद्यार्थी बुनियाद लेवल एक, दो और तीन चरण की परीक्षा पास कर लेते हैं। वह बुनियाद के तहत आगामी शिक्षा प्राप्त करते हैं।
यह विद्यार्थी कक्षा नौवीं और 10वीं की पढ़ाई जिला में स्थापित बुनियाद केंद्रों पर करते हैं। फिलहाल जिले में पांच बुनियाद केंद्र संचालित हैं। इन केंद्रों पर पढ़ने वाले विद्यार्थियों को सरकार की तरफ से ही पाठ्य सामग्री, यातायात सुविधा व वर्दी का प्रबंध किया जाता है।