नरवाना। वाटर वर्क्स रोड पर नंदनी अस्पताल के पास दो युवकों ने दूध एजेंसी के कर्मचारी का रास्ता रोककर डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में कर्मचारी जमीन पर गिर गए। आरोप है कि दोनों युवक उनकी जेब से 8670 रुपये निकालकर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
पंजाबी चौक निवासी कर्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लक्ष्य दूध एजेंसी में काम करते हैं। नौ अगस्त को वह काम से लौट रहे थे और उनके पास पेमेंट के रुपये थे। जब वह वाटर वर्क्स रोड पर नंदनी अस्पताल से कुछ आगे खाली प्लॉट के पास पहुंचे तो वहां दो युवक डंडे लेकर खड़े थे।
दोनों ने उनका रास्ता रोक लिया और डंडों से हमला करना शुरू कर दिया। हमले के दौरान वह जमीन पर गिर गए। कर्ण का आरोप है कि मारपीट करने के बाद दोनों युवकों ने उनकी निकर की जेब से 8670 रुपये निकाल लिए।
शिकायतकर्ता ने आरोपियों की पहचान मोहित निवासी मोर पत्ती और विकास निवासी हनुमान नगर, नरवाना के रूप में की है। थाना शहर नरवाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मोहित और विकास के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।