जींद। डिटेक्टिव स्टाफ पुलिस ने पंजाब से हरियाणा के जींद और रोहतक में लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य सुनाम (पंजाब) निवासी लखविंद्र उर्फ लखी को गिरफ्तार कर उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी ने नरवाना और महम में लूट की तीन वारदात को अंजाम देने की बात कबूली है।
डीएसपी जितेंद्र कुमार ने पत्रकारों को बताया कि नौ मई को गांव ईंटल कलां निवासी विशाल ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि वह जींद से अपने गांव जा रहा था। ज्यों ही वह गांव जलालपुरा कलां के रजबाहा के पास पहुंचा तो अज्ञात तीन युवकों ने घेर कर मारपीट की और बैग, गले से सोने की चेन व मोबाइल छीन लिया । पुलिस जांच में सुनाम पंजाब निवासी लखिंद्र, सन्नी व मोहित के नाम सामने आए। इसमें से मुख्य सरगना आरोपी लखविंदर उर्फ लखी को पुलिस ने सुनाम पंजाब से गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी सन्नी और मोहित की गिरफ्तारी बाकी है। पुलिस दबिश दे रही है।
आरोपी लखविंदर ने रिमांड के दौरान पुलिस को बताया कि वह और उसके दोस्त सन्नी व मोहित नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए उसके साथी सन्नी व मोहित के साथ मिल कर वारदातों को अंजाम देते थे। उन्होंने तीन अप्रैल को थाना सदर नरवाना के गांव डूमरखां से एक व्यक्ति को चोटें मार कर उसकी बाइक छीनी थी। इसके बाद नौ मई को गांव जलालपुरा के पास से एक व्यक्ति को चोटें मारकर उसकी सोने की चेन, कागजात व मोबाइल फोन छीना था। 10 मई को महम में एक व्यक्ति को तंदूर में इस्तेमाल होने वाले सुए से घायल करके उसकी बाइक और मोबाइल फोन छीना था। पुलिस अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।