दोस्त की शादी समारोह में शिरकत करने के बाद कैथल के कसान गांव से वापस आ रहे चार दोस्तों की कार शनिवार रात लगभग एक बजे शाहपुर गांव के नजदीक सड़क किनारे पलटी भूसे की ट्राली से जा टकराई। हादसे में कार सवार खटकड़ गांव निवासी रेलवे कर्मचारी (34) राकेश की मौत हो गई, जबकि बास निवासी दीपक घायल हो गया।
पुलिस को दिए बयान में गाड़ी चालक रामदास ने बताया कि उसका भाई राकेश रेलवे में डी ग्रुप का कर्मचारी था। उसकी ड्यूटी बरसोला गांव में रेलवे स्टेशन पर थी। शनिवार को वह ड्यूटी के बाद छातर गांव अपने दोस्त की शादी में अन्य दोस्तों के साथ कार में सवार होकर गया था।
जहां से रात को कैथल जिले के कसान गांव बरात में गया था। वहां से लगभग एक बजे वापस शाहपुर गांव के पास पहुंचा था। इस दौरान सड़क पर भूसे की ट्राली पलटी थी। रात को गाड़ी चालक को कुछ दिखाई नहीं दिया और उनकी गाड़ी ट्राली से टकरा गई।
राकेश कार में चालक के बगल में बैठा था। गाड़ी के टकराने पर राकेश गंभीर रुप से घायल हो गया। इस दौरान कार में उसके दोस्त छातर निवासी राकेश, बास निवासी दीपक व खटकड़ निवासी रामदास भी थे। जिन्होंने घटना के बाद राहगीरों की सहायता से राकेश को गाड़ी से निकाल कर शहर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया। सदर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि लापरवाही से गलत साइड में खड़े अज्ञात ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।