भिवाड़ी। यूआईटी पुलिस ने व्हाट्सएप और क्यूआर कोड के जरिए ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले भिवानी के गुरैरा सिवानी निवासी आरोपी अंकित (22) को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। यूआईटी थानाधिकारी सत्यनारायण ने बताया कि पुलिस टीम ने खिजरपुर से खोली रास्ते पर आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी अकिंत वर्तमान में धर्मचंद कॉलोनी, नंगलिया, भिवाड़ी में रह रहा है। वह व्हाट्सएप चैटिंग और फर्जी वेबसाइट के जरिए लोगों को झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करता था। पुलिस ने उसके मोबाइल की जांच की जिसमें साइबर क्राइम से संबंधित कई शिकायतें 1930 पोर्टल पर दर्ज पाई गईं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।