जींद। हरियाणा के खेल, युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सभी अधूरे विकास कार्य जल्द पूरे किए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने यह बात सोमवार को आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में कही।
बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़ी 11 शिकायतें आईं जिनमें से 9 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष दो मामलों में विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग-352डी से संबंधित शिकायत पर मंत्री ने गंभीरता से संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क पर आवागमन की सुविधाएं सुधारने और एनएचएआई मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर गड्ढों की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने और बरसाती पानी की निकासी का कार्य जारी है। इस पर मंत्री ने एडीसी प्रदीप कुमार को कार्यों की नियमित निगरानी करने और एनएचएआई के साथ समन्वय बनाकर बाकी काम समय पर पूरा कराने को कहा।
पंचायती भूमि अतिक्रमण मामले की जांच के आदेश
बैठक में मालसरीखेड़ा गांव की पंचायती भूमि पर कथित कब्जे से जुड़ी शिकायत उठाई गई। इस पर मंत्री ने एसडीएम सफीदों को मौके का निरीक्षण कर अगली बैठक में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जिन शिकायतों का तत्काल समाधान नहीं हो पाया है उनकी निष्पक्ष और गहन जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए ताकि लोगों को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि जिला कष्ट निवारण समिति का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
बैठक में यह रहे मौजूद
बैठक में देवेंद्र चतुर्भुज अत्री, डीसी डॉ. वैशाली शर्मा, एसपी कुलदीप सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष तेजेंद्र ढूल, एडीसी प्रदीप कुमार, डीएमसी अनिल दून और एसडीएम सत्यवान मान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
योग को खेल में शामिल करने की तैयारी
बैठक के बाद खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि योग को जल्द ही खेलों में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया योग को अपना रही है और जल्द ही योग को खेलों में शामिल किया जाएगा।
तरण तारण में हुए हादसे की जांच के लिए एसआईटी गठित
खेल स्टेडियमों में सुविधाओं की कमी से जुड़े सवाल पर मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सोनीपत के तरण तारण में हुए हादसे की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।