30जेएनडी02: अदालत परिसर में मौन धारण करते हुए अधिवक्ता और कर्मचारी। स्रोत प्रशासन
जींद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि और भारत की आजादी के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों की स्मृति में वीरवार को जिले भर में श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। लघु सचिवालय सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर दो मिनट का मौन रख शहीदों को नमन किया गया। डीएसपी संदीप कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
नायब तहसीलदार बलराम जाखड़ ने कहा कि यह आयोजन केवल उन वीर बलिदानियों की स्मृति को ताजा करने का माध्यम नहीं है बल्कि देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को भी प्रबल करने का एक सशक्त अवसर है।
पटियाला चौक, देवीलाल चौक व जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, सामाजिक संगठनों और सार्वजनिक स्थलों पर भी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर बलिदानियों को नमन किया। इस मौके बार एसोसिएशन के प्रधान विकास लौहान, वकील बलराज श्योराण, अर्जुन सिसोदिया और कैलाश चंद मौजूद रहे। संवाद