जींद। गोहाना रोड पर रिहायशी क्षेत्र में बने बायोगैस प्लांट के सामने रविवार को महापंचायत हुई। इसमें प्लांट को हटवाने के विषय पर मंथन किया गया। इसकी अध्यक्षता ब्राह्मण सभा के पूर्व प्रधान पंडित सियाराम शास्त्री ने की। महापंचायत में कांग्रेस की और से सांसद दीपेंद्र हुड्डा के प्रतिनिधि के तौर पर पहुंचे बरौदा विधायक इंदुराज सिंह नरवाल पहुंचे।
उन्होंने कहा कि सांसद दीपेंद्र हुड्डा को इस महापंचायत में आना था लेकिन दिल्ली में अचानक विशेष मीटिंग तय होने के कारण उन्होंने मुझे अपने प्रतिनिधि के तौर पर यह कह कर भेजा है कि बायो गैस प्लांट के रूप में बनाए गए मौत के चेंबर को रिहायशी क्षेत्र से उठवाने का काम करेंगे।
कांग्रेस के सांसद लोकसभा में तो आने वाले विधानसभा सत्र में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में इस प्लांट को हटाने पर सरकार को मजबूर कर देंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि रिहायशी क्षेत्र में बायो गैस प्लांट लगाना कतई भी स्वीकार नहीं है।
कहा, जब कई कॉलोनियों और कई गांव के लोग विरोध जता रहे हैं तो सरकार को तुरंत बायो गैस प्लांट को यहां से हटवा देना चाहिए। अखिल भारतीय आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिराम दीक्षित ने कहा कि रिहायशी क्षेत्र में बना हुआ यह बायो गैस प्लांट आसपास के एरिया के लिए ही नहीं पूरे जींद जिले के लिए घातक साबित हो सकता है।
आम आदमी पार्टी की महिला प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रजनीश जैन ने कहा कि वह पेशे से डॉक्टर होने के नाते इस बात को जानती हैं कि इस बायो गैस प्लांट से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। लोगों को अपनी और अपने बच्चों, बुजुर्गों की जिंदगी की सुरक्षा करने का अधिकार है। यह अधिकार संविधान ने दिया है।
अपनी जिंदगी की सुरक्षा के लिए जो लोग आवाज उठा रहे है उनको दबाने, डराने के लिए प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष तौर से धमकियां देने की बात सामने आई है। लोगों को जेल भेजने और मामला दर्ज करने की सोच रखने वाले अधिकारी यह बात समझ लें समय आता जाता रहता है। शांतिपूर्ण विरोध जताने वाले व्यक्ति पर मामला दर्ज हुआ तो विरोध होगा।
महापंचायत को समर्थन देने पहुंचे
सोनीपत सांसद प्रतिनिधि वजीर गांगोली, किसान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर बलबीर, अशरफगढ़ सरपंच रामप्रसाद, माजरा खाप के प्रवक्ता समुंद्र सिंह फोर, कामरेड रमेश, व्यापार मंडल के जिला प्रधान राजू लखीना, बीज एवं कीटनाशक एसोसिएशन के जिला प्रधान पवन गर्ग, हरियाणा व्यापार मंडल के प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार गोयल, विकास चहल, पार्षद प्रतिनिधि बलबीर श्योराण, पार्षद सुनील विक्की, पार्षद सतपाल कुंडू, पवन दुहन, रिटायर्ड कर्मचारी प्रधान ओमसिंह खोखरी, बंसीलाल गोहिया, मंजीद दहिया, ईशाक भट्टी, राममेहर जांगड़ा।
10जेएनडी24-महापंचायत में संबोधित करते बरोदा विधायक इंदुराज नरवाना। संवाद