सफीदों। नई अनाज मंडी में चल रही जस्ट कबड्डी लीग सीजन-11 में गत रात्रि 55 किलो वर्ग भार के मुकाबले हुए। मैचों का दर्शकों ने भी खूब आनंद लिया। पहला मैच मध्यप्रदेश व राजस्थान टीम के बीच खेला गया। कड़े मुकाबले में एक अंक से मध्यप्रदेश की टीम विजयी रही। विजेता टीम ने 44 अंक हासिल किए जबकि राजस्थान की टीम 43 अंक ही जुटा पाई।
दूसरे मैच में बेंगलुुरु ने तमिलनाडु की टीम को 19 अंकों के अंतर से हराया। बेंगलुुरु ने 41 अंक जुटाए जबकि तमिलनाडु की टीम 22 अंकों पर ही सिमट गई। तीसरे मैच में हरियाणा ने हिमाचल प्रदेश को 15 अंकों के अंतर से हराया। विजेता टीम ने 37 अंक हासिल किए जबकि हिमाचल प्रदेश को 22 अंक ही मिले।
चौथे मैच में कोलकाता ने मुंबई को 24 अंकों के बड़े अंतर से मात दी। विजेता टीम ने 48 अंक हासिल किए जबकि मुंबई 24 के आंकड़े पर सिमट गई। पांचवें मैच में उत्तर प्रदेश ने दिल्ली की टीम को आठ अंकों के अंतर से शिकस्त दी। उत्तर प्रदेश ने 42 अंक हासिल किए जबकि दिल्ली की टीम 34 अंक जुटा सकी। एक अन्य मैच में गुजरात ने हैदराबाद की टीम को पांच अंकों के अंतर से हराया। गुजरात ने 48 अंक जुटाए जबकि हैदराबाद की टीम को 43 अंक ही मिले।
जस्ट कबड्डी के सीईओ सोहन लाल तुषीर ने बताया कि हरियाणा, हिमाचल, कोलकाता व बेंगलुरु टीम ने सेमी फाइनल में अपनी जगह बना ली है। निखिल मध्य प्रदेश, असविंद्र बेंगलुरु, अनुज यादव हरियाणा, राकेश उत्तर प्रदेश, अंकित कोलकाता, टी रवि कुमार गुजरात को मैन ऑफ दा मैच चुना गया। प्रतियोगिता में मुख्य स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को अलग-अलग भार वर्ग में करीब 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशी दी जाएगी।
इस मौके पर जस्ट कबड्डी लीग की उपप्रधान महिला संगीत सोनी, सचिव रोशन शर्माख्, स्टाफ से ज्योति, आरती, सोनिया, प्रीति सोकिन, संदीप, रेफरी रेखा, विक्रम, अजय, पूजा एंकर विकास यादव, अजय चौहान, प्रदीप तुषीर आदि मौजूद रहे।