नरवाना। श्री भारतीय कला केंद्र की हुडा ग्राउंड में आयोजित रामलीला के मंचन के पांचवे दिन दर्शक भावुक हो गए। इस दिन कौशल्या महल, कैकयी महल, उर्मिला महल, वन गमन और खेवट-राम संवाद के प्रभावशाली दृश्य दिखाए गए। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु और दर्शक इन प्रसंगों को देखकर भावुक हो उठे और भगवान राम के वनवास प्रसंग से जुड़ी पीड़ा को महसूस किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंगतराम गर्ग, नरेश जांगड़ा, श्यामलाल मित्तल और राजेंद्र बंसल काका ने रिबन काटकर किया। मंचन का पहला दृश्य कौशल्या महल का रहा, जहां भगवान राम अपनी माता से वनगमन की आज्ञा लेने पहुंचते हैं।
माता कौशल्या का पुत्र वियोग देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं। इसके बाद का दृश्य सीता और राम संवाद का रहा, जिसमें माता सीता राम के साथ वन जाने का आग्रह करती हैं। वहीं, भाई लक्ष्मण भी वनवास में साथ चलने की जिद करते हैं।
इसके बाद भगवान राम, लक्ष्मण और सीता कैकेयी महल पहुंचकर वनवासी वस्त्र धारण करते हैं और अयोध्या वासियों से विदा लेकर निकल पड़ते हैं। महामंत्री सुमंत के साथ संवाद ने दर्शकों को और भी भावुक कर दिया। जब सुमंत वापस आकर महाराजा दशरथ को संपूर्ण वृतांत सुनाते हैं तो पुत्र वियोग में महाराजा दशरथ के प्राण त्यागने का दृश्य पूरे मैदान को गमगीन कर गया।
रामलीला मंचन के दौरान पांचवें दिन राम रसोई का शुभारंभ मंगतराम गर्ग और अंशुल गोयल ने किया। वहीं टिकाना बाबा बंदा सिंह बहादुर कमेटी को विशेष अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भारतीय कला केंद्र के संस्थापक रामकुमार गर्ग, रामनिवास जैन, ज्ञाना राम शमा, उपेंद्र गर्ग, मीडिया प्रभारी विनोद मंगला, रामअवतार बंसल, प्रमोद सिंगला, लक्की गर्ग, अजय गर्ग, बिट्टू, अनिल गुप्ता, पवन सिंगला, आशीष शांडिल्य, सुरेंद्र मित्तल, राजकुमार ढाणी, दुर्गेश, श्रवण नायक, कुलदीप, परवीन बुग्गी, कृष्ण गर्ग, हरीश गुप्ता मैनेजर, रघुबीर शर्मा, पंडाल में विश्व हिंदू सेना ने सुरक्षा का कार्यभार संभाला।
–इन कलाकारों ने निभाए यह किरदार
कलाकारों ने अपने-अपने किरदारों को जीवंत कर दिया। राजा दशरथ का अभिनय देवेंद्र पुजारी, कौशल्या का अनुराग शर्मा, कैकेयी का हरीश गुप्ता, सुमित्रा का अजय डीजे, राम का कमल मोयल, सीता का श्रवण नायक, उर्मिला का लोकेश मित्तल, मंत्री का साहिल और सुमंत का किरदार भगत सिंह नायक ने निभाया। सभी कलाकारों की संवाद अदायगी और भावनात्मक अभिनय को दर्शकों ने जमकर सराहा।