जींद। गाड़ी सवार चार युवकों ने मुर्गों से भरी गाड़ी के चालक समेत तीन लोगों की पिटाई कर गाड़ी लूट ली। शुगर मिल के नजदीक हुई वारदात के बाद आरोपी तीनों को खटकड़ टोल के पास चलती गाड़ी से फेंककर फरार हो गए। इस मामले में सदर थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ लूट और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में पश्चिम बंगाल के ताजुद्दीन ने बताया कि वह ट्रक चलाकर मुर्गे ढोने का काम करता है। उनके मालिक गाजीपुर डेयरी निवासी शाकिब कुरैसी हैं। वह गाजीपुर मंडी में मुर्गे बेचने का काम करते हैं। वह हरियाणा की मुर्गी फार्मों से मुर्गे लोड कर गाजीपुर मंडी में जाकर उतार देता है। 23 अक्तूबर की रात को वह दो मजदूर मोहम्मद ताजिब और मोहम्मद हासिम के साथ पंजाब के संगरूर से मुर्गे लेने के लिए गया हुआ था। वहां से मुर्गे लोड करने के बाद गाजीपुर मंडी जा रहा था। 24 अक्तूबर सुबह 4 बजे गाड़ी में डीजल कम होने की वजह से अहिरका से पहले कंदोला पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाया और वहां से चल दिया। कुछ दूर चलने के बाद सफेद रंग की गाड़ी सवारों ने इशारा कर उन्हें रोक लिया। गाड़ी से उतरे युवकों ने खुद को हरियाणा पुलिस का कर्मचारी बताकर दो-तीन थप्पड़ मारकर उनको नीचे उतार लिया और उनका मोबाइल फोन छीन लिया। आरोपियों ने तीनों को गाड़ी में डाल दिया। एक आरोपी मुर्गों से लदी गाड़ी को लेकर चला गया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट करते हुए उन्हें वापस खटकड़ टोल के पास फेंक दिए। सदर थाना प्रभारी डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद मामले की जांच की जा रही है।