गांव करसिंधु में लिफ्ट लेकर एक बुजुर्ग ने सुनसान जगह पर बाइक सवार तीन साथियों के साथ युवक से लूटपाट की। युवक को मारने पीटने के बाद बदमाश उसकी बाइक, नकदी और मोबाइल छीन ले गए। घायल युवक ने राहगीरों की मदद से पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। देर शाम तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका था। पुलिस ने युवक की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।
गांव पालवा निवासी हरिओम ने उचाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गांव छात्तर में लकड़ी के दरवाजे बनाने की दुकान की हुई है। शनिवार देर शाम को वह काम निपटाकर घर की तरफ आ रहा था। वह गांव करसिंधु के निकट एक होटल पर चाय पीने लगा।
इसी दौरान एक लगभग 60 वर्षीय बुजुर्ग ने करसिंधु जाने के लिए बाइक पर लिफ्ट मांगी। जब थोड़ी ही दूरी पर पहुंचा तो बाइक सवार तीन युवक ने उसका रास्ता रोक लिया। लिफ्ट लिए हुआ बुजुर्ग भी युवकों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट करने लगा। इस दौरान चोरों ने मिलकर उसकी जेब से 1500 रुपये की नकदी, मोबाइल निकाल लिए और बाद में बाइक को छीनकर फरार हो गए। शोर मचाए जाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
राहगीरों के फोन के माध्यम से इसकी सूचना उचाना थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। मामले के जांच अधिकारी जयनारायण ने बताया कि नकदी तथा बाइक छीनने की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। अज्ञात लोगों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज करे आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।