फोटो 12जेएनडी25-रेलवे जंक्शन पर तैयार की गई लिफ्ट, जो शुरू हो गई है। संवाद
जींद। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जींद जंक्शन पर लगाई गई लिफ्ट शुरू हो गई हैं। अब यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने में जाने में आसानी होगी। विशेषकर बुजुर्ग, दिव्यांग और भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका सबसे अधिक लाभ होगा। लिफ्ट और स्वचालित सीढ़ियां लगाने के कार्य पर करीब सवा करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
रेलवे जंक्शन पर जनवरी की शुरुआत में स्वचालित सीढ़ियां (एस्केलेटर) और लिफ्ट लगाने का सामान पहुंचा था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब दोनों सुविधाएं यात्रियों के लिए शुरू कर दी गई हैं।
जंक्शन से प्रतिदिन 30 से अधिक एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का आवागमन होता है। ऐसे में यात्रियों को कई बार एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाना पड़ता है। अब लिफ्ट और स्वचलित सीढ़ियां (एस्केलेटर) शुरू होने से यात्रियों को प्लेटफार्म बदलने में काफी सुविधा मिलेगी।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जींद जंक्शन के नए भवन का करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण करवाया गया है। 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान जींद जंक्शन के नए भवन का भी उद्घाटन किया था। नए भवन में यात्रियों के लिए वातानुकूलित प्रतीक्षालय, बड़ी पार्किंग समेत कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।
वर्जन
रेलवे जंक्शन पर लिफ्ट शुरू हो गई है। यात्रियों को एक-दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए लाइन पार नहीं करनी पड़ेगी। वहीं स्वचालित सीढ़ियां भी चालू हो गई हैं।
-जेएस कुंडू, अधीक्षक, रेलवे जंक्शन जींद