गांव गोविंदपुरा के निकट शराब पीने के दौरान कहासुनी के चलते एक व्यक्ति की हत्या करने के आरोप में अदालत ने दो लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई है।
शहर के आश्रम बस्ती निवासी धूप सिंह ने 22 मार्च 2014 को सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 17 मार्च की रात को दो युवक उसके भाई बलजीत के पास आए और बाइक पर बैठाकर ले गए। सुबह उसका शव गांव गोविंदपुरा के निकट पड़ा हुआ मिला।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। पुलिस जांच में हत्या के मामले में गुरुद्वारा कालोनी निवासी बिजेंद्र और आश्रम बस्ती निवासी धर्मबीर का नाम सामने आया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके पूछताछ की तो खुलासा किया कि रात को उन्होंने शराब पी ली।
शराब पीते समय बलजीत के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद उन्होंने उसकी हत्या कर दी और शव को गांव गोविंदपुरा के निकट फेंक दिया। पुलिस को शव चार दिन के बाद मिला था। तभी से मामला अदालत में विचाराधीन था। अदालत ने मामले में सुनवाई करते हुए आरोपी बिजेंद्र और धर्मबीर को उम्रकैद की सजा सुनाई है।