13जेएनडी20-रेलवे जंक्शन जींद, जहां से किसान एक्सप्रेस का आवागमन होगा। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
जींद। दिल्ली-बठिंडा रेलमार्ग पर आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। 14731-32 बठिंडा-दिल्ली किसान एक्सप्रेस 13 से 26 फरवरी तक वाया जींद जंक्शन होकर गुजरेगी। निर्धारित अवधि के दौरान ट्रेन का आवागमन जींद जंक्शन के रास्ते किया जाएगा जिससे क्षेत्र के यात्रियों को लाभ मिलेगा।
दिल्ली-बठिंडा वाया हिसार मार्ग पर 13 से 26 फरवरी को ट्रैक मरम्मत का कार्य होगा। इसके चलते किसान एक्सप्रेस को वाया जींद जंक्शन होते हुए चलाया जाएगा जिससे इस ट्रेन का जींद जंक्शन पर भी ठहराव होगा। दिल्ली से रवाना होकर शाम 16:55 बजे जींद जंक्शन पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 14732 बठिंडा-दिल्ली किसान एक्सप्रेस बठिंडा की तरफ से 7:20 बजे जाखल जंक्शन पर पहुंचेगी। इसके बाद 9:04 बजे जींद जंक्शन पहुंचेगी। उसके दो मिनट ठहराव के बाद दिल्ली के लिए रवाना होगी।
इस दौरान ट्रेन के ठहराव से स्थानीय यात्रियों को दिल्ली सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। खासतौर पर दैनिक यात्रियों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को इस अस्थायी व्यवस्था से सुविधा होगी। निर्धारित अवधि के बाद ट्रेन का रूट दोबारा निर्धारित मार्ग पर बहाल किया जाएगा।
दैनिक यात्री सुखपाल, चंद्रभान, मनोज, सुरेश, गोविंद और सतबीर का कहना है कि किसान एक्सप्रेस के जींद होकर गुजरने से उन्हें अन्य शहरों तक आवागमन में सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सीधी ट्रेन मिलने से समय और धन दोनों की बचत होगी।
बठिंडा-दिल्ली किसान एक्सप्रेस के जींद से आवागमन को लेकर अभी कोई नोटिफिकेशन नहीं आया है। जैसे ही नोटिफिकेशन आएगा उसके बाद ही जानकारी दी जा सकेगी।-जेएस कुंडू, अधीक्षक, रेलवे जंक्शन जींद