डिटेक्टिव स्टाफ पुलिस द्वारा बड़ा गुरुद्वारा के पास से एक युवक को अवैध पिस्तौल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है। जब युवक की पहचान की गई तो वह हत्या का आरोपी निकला। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डिटेक्टिव स्टाफ के एएसआई अनूप सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि एक युवक अवैध पिस्तौल के साथ बड़ा गुरुद्वारा के पास खड़ा है। जब डिटेक्टिव स्टाफ पहुंचा तो पुलिस की गाड़ी देखकर युवक भागने लगा, मगर पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से पिस्तौल और एक कारतूस मिला। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी फिरोज खान के रूप में करवाई। डिटेक्टिव स्टाफ ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे शहर थाना पुलिस को सौंप दिया। शहर थाना में फिरोज खान के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज है। फिरोज खान पर श्याम नगर निवासी टैक्सी ड्राइवर मोनू की हत्या का आरोपी है। फिरोज खान के खिलाफ 11 दिसंबर को हत्या का मामला दर्ज हुआ था। शहर थाना पुलिस को हत्या के इस मामले में भी फिरोज खान की तलाश थी। पुलिस ने उसे शुक्रवार को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।