जींद। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कांग्रेस पार्टी की चंडीगढ़ में हुई मंथन बैठक को लेकर तीखा तंज कसा है। बुधवार को नरवाना के लघु सचिवालय में नगर परिषद हाउस की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत की।
उन्होंने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर तंज कसते हुए कहा कि 30 तारीख से पहले कांग्रेस के अध्यक्ष की बात पर इतना ही कहूंगा कि वहां तो जूतों में खीर बंटनी है और लठ बजने हैं। बेदी ने भविष्यवाणी कर दी कि कांग्रेस में आना-जाना कुछ नहीं है।
राहुल गांधी द्वारा चंडीगढ़ में बुलाई गई बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए बेदी ने कहा, राहुल की बात कांग्रेस वाले सुनें, हम क्यों सुनें? मैं तो सिर्फ भविष्यवाणी कर सकता हूं कि कांग्रेस में होना जाना कुछ नहीं है।
राहुल गांधी का नाम लिए बिना बेदी ने कहा, शैलजा और रणदीप को देखकर वह राजी नहीं हैं और रणदीप व शैलजा उन्हें देखकर राजी नहीं। उन्होंने कांग्रेस में हाल ही में अशोक तंवर की सक्रियता को लेकर भी कहा कि पार्टी में ‘रही-सही कसर’ भी राहुल गांधी ने पूरी कर दी है। अब पार्टी में अगर कुछ होना होगा, तो वो भी नहीं होने देंगे। कृष्ण बेदी के इस तीखे बयान से एक बार फिर कांग्रेस की गुटबाजी और अंतर्विरोधों पर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।