कंडेला व माजारा खाप द्वारा छह मार्च को मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक के सम्मान समारोह को लेकर खाप के नेताओं ने सरकार व खाप के ही कुछ लोगों पर बड़ा हमला बोला है। इसको लेकर कंडेला खाप के प्रवक्ता जगत सिंह रेढू ने कहा कि सरकार के साथ मिलकर खाप के ही कुछ जयचंदों ने कार्यक्रम को फ्लॉप करने की साजिश रची। इसके बावजूद भी कार्यक्रम सफल रहा। रेढू ने कहा कि उसी दिन रायचंदवाला गांव में समानांतर कार्यक्रम किया गया जिसमें जिले के एक विधायक ने शिरकत की। इससे साफ है कि कुछ लोग सरकार के साथ मिलकर खाप के खिलाफ काम कर रहे हैं।
जाट धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कंडेला खाप के प्रवक्ता जगत सिंह रेढू ने कहा कि पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रदेश सरकार के एक मंत्री और जींद के भाजपा विधायक ने खाप के कुछ गद्दारों को शामिल कर रायचंदवाला गांव में नाचने-गाने का कार्यक्रम किया। यह सब राज्यपाल सत्यपाल मलिक के कार्यक्रम में नुकसान पहुंचाने के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि यह संस्कृति का हिस्सा नहीं है कि गांव में मंच पर बहू-बेटियां फाग खेलें। पूरे समाज के बीच में लड़कियों का डांस करवाया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इसके लिए पूरी तरह से जिम्मेदार है। रेढू ने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि सत्यपाल मलिक आगे बढ़ें। सत्यपाल मलिक किसानों के लिए बोल रहे हैं। ऐसे में सरकार को उनसे खतरा लगता है। वहीं खाप के महासचिव राज सिंह रेढू ने कहा कि षडयंत्र के तहत खाप के कुछ सरकारी दलालों की मौजूदगी में लड़कियों का अश्लील नृत्य करवाया गया। ऐसे में यह लोग कैसे खाप को चलाएंगे। इन लोगों ने भाजपा व सरकार के इशारे नाचने का काम किया है। राज सिंह रेढू ने कहा कि 2002 में जब कंडेला कांड हुआ, तब यह लोग इनेलो सरकार के इशारे पर नाचे। अब छह मार्च के कार्यक्रम में सरकारी दलालों ने हथकंडे अपनाए। इसके लिए प्रचार भी किया गया कि राज्यपाल नहीं आएंगे। इस मौके पर कंडेला खाप पंचायत के प्रधान ओमप्रकाश कंडेला भी मौजूद रहे।